bareillyमेयर के साथ पॉडकास्ट रिकॉर्ड करता सिपाही।

बरेली। मेयर के साथ पॉडकास्ट रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना एक सिपाही को भारी पड़ गया। उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने के आरोप में एसएसपी अनुराग आर्य ने रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अजय कुमार को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। इसी आदेश में छुट्टी के बाद ड्यूटी पर न लौटने और ड्यूटी करने से इनकार करने वाले छह अन्य पुलिसकर्मियों को भी निलंबित कर दिया गया। एक साथ सात पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मेयर का पॉडकास्ट बना निलंबन की वजह

रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अजय कुमार पर आरोप है कि उन्होंने विभागीय अनुमति के बिना बरेली के मेयर उमेश गौतम का पॉडकास्ट और इंटरव्यू रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन तहत एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से सिपाही को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू करा दी।

चार रिक्रूट सिपाही छुट्टी के बाद नहीं लौटे

कार्रवाई की जद में आए रिक्रूट आरक्षी पीयूष मोहन (थाना क्योलड़िया), अनिल कुमार (थाना मीरगंज), सगुन कुमार (यूपी-112) और विवेक धामा (थाना इज्जतनगर) छुट्टी समाप्त होने के बाद भी बिना अनुमति ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। लगातार गैरहाजिर रहने पर चारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

ड्यूटी से इनकार करने पर भी कार्रवाई

रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी सौरभ कुमार निर्धारित ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए, जबकि वहीं तैनात कुक विक्की कश्यप पर ड्यूटी के लिए बुलाए जाने के बावजूद आने से इनकार करने का आरोप है। दोनों को भी निलंबित कर विभागीय जांच के दायरे में लाया गया।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है। ड्यूटी में लापरवाही, विभागीय आदेशों की अवहेलना और सोशल मीडिया पॉलिसी सहित अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सभी मामलों की विभागीय जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *