बरेली। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की पड़ताल शुरू कर दी है। गुरुवार को डीएम अविनाश सिंह ने बदायूं रोड का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा मार्ग की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जहां जरूरत दिखी, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
कछला जाने वाले कांवड़ियों के लिए अहम है बदायूं रोड
बरेली से बड़ी संख्या में कांवड़िये बदायूं के कछला गंगा घाट से जल लेने जाते हैं। ऐसे में बदायूं रोड कांवड़ यात्रा का प्रमुख मार्ग माना जाता है। फिलहाल इस मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का काम भी चल रहा है। इसी वजह से जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य के बीच यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क पर गड्ढों की मरम्मत, जलभराव खत्म करने, साफ-सफाई बनाए रखने, पेयजल की व्यवस्था, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और यातायात संचालन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर ऐसी कोई कमी नहीं रहनी चाहिए, जिससे कांवड़ियों को असुविधा उठानी पड़े।
यात्रा शुरू होने से पहले पूरी हों सभी तैयारियां
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने नियमित निगरानी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, खंड विकास अधिकारी क्यारा, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।