बरेली। जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। गुरुवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने भाजपा सरकार पर राजनीतिक द्वेष से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी गरीब छात्रों की शिक्षा के उद्देश्य से बनाई गई थी, लेकिन राजनीतिक विरोध के कारण उसे खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं रोकी गई तो विपक्ष राज्यपाल से मुलाकात करेगा और न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएगा।
माता प्रसाद पांडे ने कहा कि जिस समय जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण हुआ, उस समय वहां न जिला पंचायत थी और न ही नगर पंचायत। वर्ष 2024 में क्षेत्र का विस्तार कर गांवों को स्थानीय निकाय में शामिल किया गया। ऐसे में 48 बीघा जमीन पर नक्शा पास न होने का आधार बनाकर कार्रवाई करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संबंधित निकाय ही अस्तित्व में नहीं था तो नक्शा पास कराने का सवाल कैसे पैदा होता है।
आजम खान के बाद अब यूनिवर्सिटी निशाने पर
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि आजम खान को राजनीतिक कारणों से मुकदमों में फंसाया गया और अब उनकी ओर से स्थापित जौहर यूनिवर्सिटी को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है और गरीब छात्रों के लिए बने संस्थान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
पेपर लीक पर सरकार को घेरा, बोले- छात्र न्याय के लिए सड़क पर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को भी उठाया। उनका कहना था कि युवाओं का भविष्य दांव पर लगा हुआ है और निष्पक्ष परीक्षाएं कराना सरकार की जिम्मेदारी थी, जिसमें वह पूरी तरह विफल रही। इसी कारण छात्र सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेंगे।
जंतर-मंतर की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
माता प्रसाद पांडे ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने बताया कि सादे कपड़ों में मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उनका कहना था कि यदि लाखों छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं तो सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए। संविधान और राष्ट्रगीत के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण के समय जनगणमन को राष्ट्रगान और वंदे मातरम् को राष्ट्रीय गीत का सम्मान दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हर मंच पर समाजवादी पार्टी का नाम इसलिए लेती है क्योंकि वह उससे राजनीतिक रूप से डरती है और उसे बदनाम करने का प्रयास करती है।
सरकार पूंजीपतियों की, किसानों की नहीं
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों और किसानों की बजाय बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगपतियों के हजारों करोड़ रुपये के कर्ज माफ किए जा रहे हैं, जबकि किसानों के छोटे-छोटे कर्ज भी माफ नहीं किए जाते। सरकार आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे के साथ अजय सागर, रामपुर के जिलाध्यक्ष नसीर अहमद खान, विधायक कमाल अख्तर, विधायक शाहिद मंजूर, विधायक एवं प्रदेश महासचिव अताउर्रहमान तथा नवाब जान मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के बाद नेता प्रतिपक्ष रामपुर के लिए रवाना हो गए।