बरेली/ग्रेटर नोएडा। बरेली की मिट्टी से शुरू हुआ खुशबू का कारोबारी सफर अब दुनिया के बाजारों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। प्राकृतिक एवं ऑर्गेनिक एसेंशियल ऑयल्स, परफ्यूमरी और एरोमैटिक उत्पादों के क्षेत्र में काम कर रही अरोमैटिक एंड एलाइड केमिकल्स प्रा. लि. बरेली को देश के निर्यात और औद्योगिक विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए बेस्ट एक्सपोर्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। ग्रेटर नोएडा में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) के एमएसएमई अवॉर्ड समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कंपनी को यह सम्मान प्रदान किया।

कंपनी की ओर से गीता अग्रवाल और मैनेजिंग डायरेक्टर गौरव मित्तल ने पुरस्कार ग्रहण किया। गीता अग्रवाल कंपनी के संस्थापक स्वर्गीय बृजेश मित्तल की धर्मपत्नी हैं। कंपनी ने इस उपलब्धि को संस्थापक की दूरदर्शी सोच, गीता अग्रवाल के समर्पण और पूरी टीम की वर्षों की मेहनत का परिणाम बताया है।

1977 में रखी नींव, पांच दशक में दुनिया तक पहुंची बरेली की सुगंध

अरोमैटिक एंड एलाइड केमिकल्स की स्थापना वर्ष 1977 में हुई थी। करीब पांच दशकों के सफर में कंपनी ने प्राकृतिक एसेंशियल ऑयल्स, ऑर्गेनिक उत्पादों, परफ्यूमरी और एरोमैटिक उत्पादों के क्षेत्र में अपनी जगह बनाई। भारतीय प्राकृतिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के साथ कंपनी ने निर्यात क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी मजबूत की। कंपनी के लिए यह सम्मान इसलिए भी खास है क्योंकि जिस कारोबारी सफर की शुरुआत बरेली से हुई, उसने अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक अपनी पहुंच बना ली है। बेस्ट एक्सपोर्टर अवॉर्ड को कंपनी के इसी लंबे औद्योगिक और निर्यात सफर की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

AAC की विरासत से निकला LA MONKK, अब ग्लोबल मार्केट पर नजर

कंपनी की वर्षों पुरानी विशेषज्ञता और विरासत से विकसित LA MONKK ब्रांड भी भारतीय बाजार से आगे अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने की दिशा में बढ़ रहा है। प्राकृतिक और प्रीमियम परफ्यूमरी के साथ नेचर-बेस्ड उत्पादों के जरिए ब्रांड भारतीय शिल्प, प्राकृतिक सुगंध और गुणवत्ता को वैश्विक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने पर फोकस कर रहा है। कंपनी का कहना है कि यह उपलब्धि महज एक पुरस्कार नहीं, बल्कि 1977 में बरेली से शुरू हुई एक भारतीय औद्योगिक यात्रा के वैश्विक विस्तार का सम्मान है। करीब पांच दशक बाद राष्ट्रीय मंच पर मिली इस पहचान ने कंपनी के साथ बरेली के औद्योगिक और निर्यात क्षेत्र की उपलब्धियों में भी एक और अध्याय जोड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *