बरेली। बहेड़ी में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने और वहां लगे सोलर पैनल की दो बैटरियां चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने गौरव और सरजीत उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दोनों बैटरियां बरामद की हैं। खास बात यह है कि वारदात के बाद घटनास्थल पर पड़े प्लास्टिक के गिलास और नमकीन के खाली पाउच आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस के लिए अहम सुराग बने।
प्रतिमा का हाथ और चश्मा तोड़ा, बैटरियां लेकर फरार
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात ग्राम मिलैड्या में सड़क किनारे स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया। प्रतिमा का एक हाथ और चश्मा तोड़ने के साथ वहां लगी लाइट, नल और फ्रीजर को भी नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद सोलर पैनल की दो बैटरियां चोरी कर ली गईं। एक सितंबर को तहरीर मिलने के बाद बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज किया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस टीमों को जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
गिलास और नमकीन के पाउच से पुलिस को मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की तो वहां प्लास्टिक के गिलास और नमकीन के खाली पाउच मिले। पुलिस ने इन्हीं को सुराग बनाते हुए आसपास के दुकानदारों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान मिली जानकारियों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। इसके बाद पुलिस को आरोपियों के गरीबपुरा मोड़ से ग्राम आखा की ओर जाने वाले रास्ते पर मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने खड़ंजे पर करीब 100 मीटर अंदर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया।
गौरव और सरजीत गिरफ्तार, दोनों बैटरियां बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम पुनई निवासी 23 वर्षीय गौरव पुत्र करन सिंह और 19 वर्षीय सरजीत उर्फ रिंकू पुत्र कृपाल के रूप में हुई। दोनों के कब्जे से सोलर पैनल की चोरी की गई दो बैटरियां बरामद हुईं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 31 अगस्त की रात ग्राम मिलैड्या में प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने और सोलर पैनल की बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की है। दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक राजू कुमार, उपनिरीक्षक श्रीनाथ शर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।