बदायूं। उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच बदायूं में भी संक्रमण ने चिंता बढ़ा दी है। जिले में स्वाइन फ्लू से संक्रमित 65 वर्षीय महिला की बरेली में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला बिल्सी क्षेत्र के सिरासौल गांव की रहने वाली थी। वहीं आसफपुर क्षेत्र में मिले एक अन्य संक्रमित का बरेली के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। जिले में अब तक सात संक्रमित सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। बुखार के मरीजों की स्क्रीनिंग तेज कर दी गई है और संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में पहले स्वाइन फ्लू के पांच मामले सामने आए थे। निगरानी बढ़ाई गई तो दो और मरीज संक्रमित मिले। इनमें एक मरीज आसफपुर क्षेत्र का है, जबकि दूसरी 65 वर्षीय महिला बिल्सी क्षेत्र के गांव सिरासौल की रहने वाली थी। दोनों का इलाज बरेली के निजी मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। इलाज के दौरान सिरासौल निवासी महिला की मौत हो गई। मंगलवार को बरेली के मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से महिला की मौत की सूचना सीएमओ कार्यालय को भेजी गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई और संबंधित क्षेत्रों में निगरानी और तेज कर दी गई।

संक्रमितों के घर पहुंचीं टीमें, संपर्क में आए लोगों की स्क्रीनिंग

स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित मरीजों के संपर्क में रहे लोगों की पहचान और स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। मंगलवार को विभागीय टीमें संक्रमितों के घरों और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचीं। परिवार के सदस्यों के साथ आसपास रहने वाले लोगों की भी स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य विभाग ने बुखार के मरीजों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध लक्षण मिलने पर मरीज की जांच कराई जाएगी, ताकि संक्रमण की पहचान समय रहते की जा सके और इसके फैलाव को रोका जा सके।

शासन पहले ही जारी कर चुका अलर्ट, बढ़ाई गई निगरानी

स्वाइन फ्लू को लेकर शासन की ओर से पहले ही स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया जा चुका है। बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने तथा जरूरी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। बदायूं में सात मामले सामने आने और एक संक्रमित महिला की मौत के बाद निगरानी और सख्त कर दी गई है। जिला संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशल गुप्ता ने बताया कि जिले में दो नए स्वाइन फ्लू संक्रमित सामने आए थे। इनमें एक बिल्सी और दूसरा आसफपुर क्षेत्र का है। बिल्सी की संक्रमित महिला की बरेली के मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत होने की सूचना मंगलवार को मिली है। संक्रमितों के संपर्क में रहने वाले लोगों की स्क्रीनिंग कराई जा रही है। संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *