up newsप्रेसवार्ता में जानकारी देते मजहर

बरेली। कोर्ट में लंबित विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश के आरोपों ने नया मोड़ ले लिया है। मंगलवार को प्रेसवार्ता में मोहम्मद मज़हर ने भाजपा नेता समेत कई लोगों पर अवैध कब्जे की कोशिश, झूठी एफआईआर दर्ज कराने और 19.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

आकाशपुरम निवासी मोहम्मद मज़हर ने बताया कि उनके पार्टनर अशोक कपूर ने 22 फरवरी 2023 को 1157 वर्ग गज भूमि का बैनामा कराया था। उनका दावा है कि जमीन से संबंधित रजिस्ट्री, खतौनी, टैक्स रसीद और बिजली कनेक्शन समेत सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद जून 2026 में विवादित भूमि पर निर्माण शुरू कराने का प्रयास किया गया। प्रेसवार्ता में मोहम्मद मज़हर ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता राधे गुर्जर अपने सहयोगियों के साथ विवादित भूमि पर निर्माण कराने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि मामला अभी कोर्ट में लंबित है।

0

झूठी एफआईआर दर्ज कर बनाया जा रहा दबाव

मोहम्मद मज़हर का आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। आरोप है कि कुछ लोगों ने स्वयं को जमीन का मालिक बताकर 19 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। उन्होंने मांग की कि रजिस्ट्री प्रक्रिया, भूमि से जुड़े सभी दस्तावेजों और आर्थिक लेनदेन की भी गहन जांच कराई जाए ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

किसी से व्यक्तिगत विवाद नहीं, सिर्फ निष्पक्ष जांच चाहिए

मोहम्मद मज़हर ने बताया कि इस भूमि से जुड़े पार्टनरों में देव नारायण पटेल (मिलक, रामपुर), अशोक कपूर और वे स्वयं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति से व्यक्तिगत विरोध नहीं है। उनकी केवल यही मांग है कि पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराकर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। प्रेसवार्ता में मोहम्मद मज़हर ने मुख्यमंत्री, डीजीपी और राजस्व विभाग से विवादित भूमि पर अवैध निर्माण, दर्ज एफआईआर, रजिस्ट्री प्रक्रिया और 19.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *