अलीगढ़। दहेज उत्पीड़न के मुकदमे की तारीख पर खैर सिविल कोर्ट पहुंचे पति-पत्नी और उनके परिजन कोर्ट से बाहर निकलते ही आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि बहू ने बीच-बचाव करने पहुंची सास को जमीन पर गिराकर बाल पकड़कर घसीटा और पीटा। दोनों परिवारों के बीच हुई मारपीट में तीन साल के बच्चे समेत कई लोग चोटिल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
चार साल पहले हुई थी शादी, दहेज उत्पीड़न का चल रहा मुकदमा
मामला खैर कोतवाली क्षेत्र के पला जरारा से जुड़ा बताया जा रहा है। यहां की रहने वाली युवती की शादी करीब चार साल पहले जवां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। रिश्तों में तल्खी बढ़ने के बाद युवती पक्ष ने ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। मामला अदालत में विचाराधीन है।
कोर्ट से बाहर निकलते ही पति को मारा थप्पड़
सोमवार को इसी मुकदमे की तारीख पर दोनों पक्ष खैर सिविल कोर्ट पहुंचे थे। आरोप है कि अदालती प्रक्रिया पूरी होने के बाद युवक मुख्य गेट से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान युवती ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान युवती ने युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों परिवारों के सदस्य आमने-सामने आ गए।
बीच-बचाव करने पहुंची सास को बाल पकड़कर घसीटा
विवाद बढ़ता देख युवक की मां बीच-बचाव करने पहुंचीं तो मामला और बिगड़ गया। आरोप है कि उनके साथ भी हाथापाई की गई। महिला को जमीन पर गिराने के बाद बाल पकड़कर घसीटते हुए पीटने का आरोप है। इसके बाद दोनों तरफ से लात-घूंसे चलने लगे और कोर्ट के बाहर अफरा-तफरी मच गई।
मासूम समेत कई घायल, वकीलों ने कराया बीच-बचाव
अचानक शुरू हुई मारपीट की चपेट में तीन साल का बच्चा भी आ गया। झड़प में युवती के पिता और दोनों परिवारों के कुछ अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। हंगामा बढ़ने पर वहां मौजूद अधिवक्ताओं और राहगीरों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया।
थाने पहुंचा मामला, वायरल वीडियो की भी जांच
घटना के बाद युवती की ओर से ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाते हुए खैर कोतवाली में लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस शिकायत और घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं कोर्ट परिसर के बाहर हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।