बरेली। मुजफ्फरनगर डिपो की रोडवेज बस लेकर लखनऊ जा रहे संविदा चालक की रविवार को बरेली में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द उठने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टिसुआ के पास अचानक बिगड़ी तबीयत
शामली जिले के थाना बाबरी क्षेत्र के गांव भजूं निवासी 48 वर्षीय सुनील कुमार रोडवेज में संविदा चालक थे। वह मुजफ्फरनगर डिपो की बस में सवारियां लेकर लखनऊ जा रहे थे। फरीदपुर थाना क्षेत्र के टिसुआ गांव के पास अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और उनकी तबीयत बिगड़ गई। चालक की हालत बिगड़ने पर परिचालक ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। अस्पताल में ही उनकी मौत हो गई।
पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए सुनील
मौत की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित जिला अस्पताल पहुंच गए। पत्नी अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल है। सुनील कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है।