बरेली। निजी कॉलेज में पढ़ाने वाली एक शिक्षिका पर छात्रों की फीस में लाखों रुपये के गबन का आरोप लगा है। आरोप है कि बीएड के छात्रों से कॉलेज की फीस संस्थान के खाते में जमा कराने के बजाय अपने और अपने पति के खातों में ट्रांसफर कराई गई। मामले की शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य से की गई, जिसके बाद इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फूल सिंह जनउत्थान शिक्षा समिति के प्रबंधक विजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि समिति द्वारा बहेड़ी थाना क्षेत्र में किच्छा सितारगंज रोड पर बहुनगर उर्फ सिरसा में संचालित सिरसा कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में रमा पटेल बीएड विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। कुछ छात्रों ने प्रबंधन से शिकायत की कि उनसे पूरी फीस तो ली गई, लेकिन न तो कॉलेज की रसीद दी गई और न ही फीस कॉलेज के रिकॉर्ड में दिखाई दे रही है। इसके बाद जब प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच कराई तो वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ।

फर्जी आईडी बनाकर खाते में मंगवाई फीस

प्रबंधक ने शिकायत में आरोप लगाया कि शिक्षिका ने कॉलेज के नाम से दो पेमेंट आईडी तैयार कर रखी थीं। इन्हीं आईडी के माध्यम से छात्रों से फीस जमा कराई जाती थी। आरोप है कि फीस की रकम कॉलेज के अधिकृत खाते में न जाकर उनके निजी खाते और उनके पति संतोष कुमार के खाते में पहुंचती रही। प्रबंधन का दावा है कि इस तरीके से संस्था को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।

नौकरी छोड़ने के बाद भी छात्रों को कर रही थीं फोन

आरोप है कि कॉलेज छोड़ने के बाद भी रमा पटेल छात्रों को फोन कर कॉलेज के खिलाफ भड़काती रहीं। इससे संस्थान की साख प्रभावित हुई और नए प्रवेशों पर भी असर पड़ने लगा। रमा पटेल और उनके पति संतोष कुमार कॉलेज परिसर में पहुंचे, जहां कर्मचारियों से गाली-गलौज की गई और आग लगाने की धमकी दी गई। इस घटना की शिकायत पहले ही सिरसा चौकी, थाना बहेड़ी में दी जा चुकी है।

एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर

कॉलेज प्रबंधन ने पूरे मामले के दस्तावेज, बैंक लेनदेन से जुड़े साक्ष्य और साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायत का विवरण पुलिस को सौंपा है। शिकायत मिलने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षिका पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार

उधर, शिक्षिका रमा पटेल के पति संतोष कुमार ने कॉलेज प्रबंधन के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी को बदनाम करने और उनकी छवि धूमिल करने की मंशा से झूठे आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। संतोष कुमार ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी और उनकी पत्नी के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *