उर्स-ए-रजवीइस्लामिया मैदान का निरीक्षण करते अफसर।

बरेली। उर्स-ए-रजवी को लेकर प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। शुक्रवार डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने इस्लामिया मैदान का निरीक्षण किया। उर्स-ए-रजवी के दौरान आने वाले जायरीन की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अफसरों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि उर्स-ए-रजवी शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि जायरीन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उर्स-ए-रजवी
उर्स-ए-रजवी की तैयारियों का जायजा लेते डीएम अविनाश सिंह।

अधिकारियों ने मौके पर दिए जरूरी निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और जहां कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और हर व्यवस्था समय से पूरी हो।

  • स्थलीय निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी, एसएसपी और नगर आयुक्त ने बिहारीपुर चौकी में दरगाह प्रबंधन समिति और पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उर्स-ए-रजवी को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक प्लान, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सुझावों पर हुआ मंथन, समन्वय पर दिया जोर

बैठक में दरगाह पदाधिकारियों ने भी अपनी आवश्यकताओं और सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी सुझावों पर गंभीरता से अमल किया जाएगा और प्रशासन व दरगाह प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय बनाकर उर्स-ए-रजवी का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, सीओ प्रथम आशुतोष शिवम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और दरगाह के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन ने कहा कि उर्स के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और जायरीन की सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

यह भी पढ़ें : मुस्लिम प्रेमी अचानक हुआ गायब, 10 साल से लिवइन में है महिला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *