बरेली। शादी का वादा कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और गर्भवती होने पर गर्भपात कराने के आरोप में थाना किला पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कई दिनों से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पीड़िता ने किला पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी इमरान खां ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। इस दौरान उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा और शादी का झांसा देकर कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
गर्भ ठहरने पर दवा खिलाकर कराया गर्भपात
पीड़िता का आरोप है कि जब वह गर्भवती हो गई तो आरोपी ने शादी करने के बजाय उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी वह उसे धमकाता और ब्लैकमेल करता रहा। शिकायत के आधार पर दो जुलाई को थाना किला में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बाकरगंज नदी पुल के आगे मौजूद है और जनपद छोड़कर फरार होने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही थाना किला पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूली फरार होने की बात
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिल गई थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार छिपता फिर रहा था और मौका मिलते ही जिले से बाहर जाने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान खां पुत्र साकिर खां, निवासी ग्राम शीशमखेड़ा, थाना मीरगंज, बरेली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।