आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में पति की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी ने पूछताछ में दावा किया कि उसने पहले पति को खीर में 15-16 नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। पति के बेसुध होने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को घर के बाथरूम में पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया। बाद में किसी को शक न हो, इसलिए बाथरूम का फर्श सीमेंट से दोबारा बनवा दिया। कई सप्ताह तक परिवार और पड़ोसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

18 मई से लापता था पति, भाई ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी

मृतक की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह आगरा की रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, मां कमला देवी और दो बेटियों के साथ रहते थे। 18 मई 2026 से उनके लापता होने के बाद 26 मई को बड़े भाई अनिल शर्मा ने सिकंदरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

रोने का नाटक कर पुलिस को करती रही गुमराह

जांच के दौरान रूबी लगातार यही कहती रही कि सुरेंद्र उससे झगड़ा कर पांच हजार रुपये लेकर घर छोड़कर चले गए हैं। वह खुद भी कुछ दिन के लिए राजस्थान चली गई और पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज भी देखती रही। पति की याद में रोने का नाटक करती रही और हर बार अलग-अलग बयान देकर जांच को भटकाने की कोशिश करती रही।

भाई के समझाने पर टूटी चुप्पी

मृतक के बड़े भाई अनिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने रूबी से कहा कि अगर कोई परेशानी है तो सच बता दे, परिवार उसका साथ देगा। इसके बाद रूबी कथित तौर पर टूट गई और उसने स्वीकार किया कि सुरेंद्र का शव बाथरूम के फर्श के नीचे दबा हुआ है।

फर्श तोड़ने पर मिला कंकाल

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाथरूम का फर्श तोड़ने पर नीचे से सुरेंद्र शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। शव पूरी तरह गल चुका था। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि की जा सके।

पूछताछ में बताई पूरी कहानी

पुलिस के मुताबिक, रूबी ने बताया कि घटना के अगले दिन उसने अपनी दोनों बेटियों और सास को जेठ के घर भेज दिया। इसके बाद अकेले ही शव को बाथरूम तक घसीटकर ले गई, गड्ढे में दफनाया और ऊपर से मिट्टी डालकर समतल कर दिया। बाद में मिस्त्री बुलाकर बाथरूम ऊंचा कराने के बहाने पूरे फर्श पर सीमेंट का प्लास्टर करवा दिया, ताकि किसी को शव दबे होने का संदेह न हो।

पति पर लगाए मारपीट और शराबखोरी के आरोप

पूछताछ में रूबी ने यह भी दावा किया कि उसका पति शराब पीता था, उसके साथ मारपीट करता था, कोई काम नहीं करता था और घर का खर्च उसकी मां की सरकारी पेंशन से चलता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के इन दावों की भी जांच की जा रही है।

फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

सिकंदरा थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी के बयान की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या की पूरी सच्चाई फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सामने आएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *