बरेली। मुरादाबाद में तैनात 2018 बैच के कांस्टेबल जीत सिंह पदम की मंगलवार दोपहर बरेली में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपनी दो महिला पुलिसकर्मी साथियों के साथ बैंक संबंधी काम निपटाकर मुरादाबाद लौट रहे थे। अक्षर विहार तालाब के पास उनकी कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद एयरबैग खुलने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान कांस्टेबल जीत सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि दोनों महिला पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।

बैंक का काम निपटाकर लौट रहे थे तीनों

पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय जीत सिंह पदम गाजियाबाद जिले के मसूरी थाना क्षेत्र के ग्राम इंद्रगढ़ी के निवासी थे। वह वर्ष 2018 बैच के कांस्टेबल थे और वर्तमान में मुरादाबाद में तैनात थे। मंगलवार को वह अपनी दो साथी महिला पुलिसकर्मियों 22 वर्षीय कुमकुम और 20 वर्षीय तनिष्का के साथ कार से बरेली आए थे। दोपहर करीब ढाई बजे बैंक का कार्य पूरा करने के बाद तीनों मुरादाबाद लौट रहे थे। जीत सिंह स्वयं कार चला रहे थे।

अक्षर विहार के पास हुआ हादसा

अक्षर विहार तालाब के पास उनकी कार सामने चल रहे एक वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयरबैग खुल गए। हादसे में जीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुमकुम और तनिष्का को भी चोटें आईं। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान जीत सिंह की मौत हो गई।

हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस

सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि कांस्टेबल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुरादाबाद पुलिस और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

सूचना मिलते ही बरेली पहुंचे परिजन

कांस्टेबल जीत सिंह पदम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके भाई उत्कर्ष बरेली पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिवार गाजियाबाद शहर में रहता है, जबकि जीत सिंह की तैनाती मुरादाबाद में थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन तत्काल बरेली रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *