बरेली के शाही क्षेत्र के एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर खौलता तेल डालकर झुलसाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद भी उसे न्याय नहीं मिला और वह कार्रवाई के लिए कई दिनों से थानों के चक्कर काट रहा है। सोमवार को वह अपनी मां के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
पत्नी और प्रेमी पर गंभीर आरोप
बकैनिया गांव निवासी युवक ने बताया कि वह सीबीगंज थाना क्षेत्र के नदौसी गांव में किराये पर रहकर एक गत्ता फैक्टरी में काम करता है। उसकी शादी बिथरी क्षेत्र की युवती से हुई है। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी का नदौसी निवासी एक युवक से संपर्क था और दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी।
विरोध करने पर हुई मारपीट
पीड़ित के अनुसार 25 जून को जब वह कमरे पर पहुंचा तो उसने पत्नी को कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवक का आरोप है कि प्रेमी ने उसका गला दबाने की कोशिश की और इसी दौरान उसकी पत्नी रसोई से खौलता तेल लाकर उस पर डाल दिया।
पैर गंभीर रूप से झुलसा
खौलता तेल पड़ने से युवक का पैर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद वह अपने गांव बकैनिया लौट गया। पीड़ित का कहना है कि चार दिनों से वह अपनी मां के साथ कार्रवाई के लिए भटक रहा है, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिला है।
मेडिकल परीक्षण न कराने का आरोप
युवक ने आरोप लगाया कि शाही पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण तक नहीं कराया और उसे सीबीगंज थाने जाने की सलाह दी। वहीं, सीबीगंज थाने पहुंचने पर भी उसकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पहले युवक की पत्नी और बाद में युवक ने आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई थी। पत्नी ने पति पर शक करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है, जबकि युवक ने पत्नी और उसकी मां द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत की है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।