Bareillyवायरल वीडियो से लिए गये क्लिप

बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव पदारथपुर में शुक्रवार को मुहर्रम के जुलूस के दौरान चंदे के रुपये को लेकर एक ही समुदाय के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। हालात बिगड़ते देख पुलिस को भी हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। घटना में छह लोग घायल बताए जा रहे हैं।

मुहर्रम का जुलूस गांव से गुजर रहा था। इसी दौरान चंदे के रुपये लूटने और लुटाने के आरोपों को लेकर मौजूदा प्रधान फिरासत और गुड्डू पक्ष के समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई और लाठीबाजी तक पहुंच गया। जुलूस के बीच अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

छह लोग घायल, पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद बिथरी चैनपुर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन जब लोग नहीं माने तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया और जुलूस को आगे बढ़वाया। झड़प में छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

वीडियो फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई

थाना प्रभारी राजेश बाबू मिश्रा ने घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। पुलिस को उम्मीद थी कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देने थाने पहुंचेंगे, लेकिन देर रात तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई।

एसएसपी बोले—जिले में जुलूस शांतिपूर्ण रहे, केवल बिथरी में हुआ विवाद

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिलेभर में मुहर्रम के जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। केवल बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच चंदे को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को हटाया और स्थिति सामान्य कर दी। उन्होंने बताया कि घटना के वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उनकी जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सीओ हाईवे ने क्या कहा

सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि मुहर्रम के जुलूस के दौरान नोट उड़ाने की बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया। उन्होंने बताया कि घटना के वीडियो फुटेज की जांच कराई जा रही है। जो भी व्यक्ति मारपीट में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *