बदायूं। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से एसएसपी अंकिता शर्मा ने शुक्रवार देर रात पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। जनपदीय पुलिस स्थापना बोर्ड की संस्तुति पर जारी आदेश में 34 दरोगाओं के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। कई चौकी प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को पुलिस लाइन भेजा गया है।
कई चौकी प्रभारियों की बदली जिम्मेदारी
जारी तबादला सूची के अनुसार निरीक्षक आजाद शर्मा को पुलिस लाइन से थाना इस्लामनगर में निरीक्षक अपराध बनाया गया है। भूपेंद्र सिंह को चौकी कछला घाट (उझानी) से चौकी नरैनी चौराहा (उद्यैती) भेजा गया है। रिंकू कुमार को सिविल लाइन चौकी से कछला घाट चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि दिनेश कुमार शर्मा को थाना सिविल लाइन का चौकी प्रभारी बनाया गया है। दिनेश तिवारी को चौकी सरकारीगंज से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं महिला थाना में तैनात अवधेश कुमार को चौकी सरकारीगंज का प्रभारी बनाया गया है। प्रमोद कुमार सिंह को पुलिस लाइन से चौकी समरेर (दातागंज), भूरे लाल को थाना इस्लामनगर से चौकी अल्हैपुर समसपुर तथा संदीप गुप्ता को चौकी धीमरपुर बढ़ईपुल भेजा गया है।
इन दरोगाओं को भी मिली नई तैनाती
सचिन शर्मा को चौकी रेहड़िया (वजीरगंज) से पुलिस लाइन, यशपाल सिंह को थाना मूसाझाग से चौकी रेहड़िया, संजीव कुमार को पुलिस लाइन से थाना मूसाझाग और विक्रांत आर्य को पुलिस लाइन से चौकी दबतोरी (बिसौली) भेजा गया है। इसके अलावा आयुष आर्य को सिविल लाइन से चौकी मालवीयगंज, मायाराम को महिला थाना से दातागंज, रविंद्र यादव को कोतवाली से इस्लामनगर, नैपाल सिंह को सिविल लाइन से कोतवाली तथा रविंद्र सिंह को उझानी से कादरचौक थाने में तैनाती दी गई है।
कई थानों में भी बदले गए उपनिरीक्षक
किशनवीर सिंह को उझानी से उसहैत, अवधेश पाराशर को दातागंज से उझानी, विष्णु दत्ता को सहसवान से दातागंज, गुलजारी सिंह को जरीफनगर से मुजरिया, अनिल कुमार को मुजरिया से जरीफनगर, ऋषिपाल सिंह को इस्लामनगर से फैजगंज बेहटा, जगवीर सिंह को वजीरगंज से इस्लामनगर और सुभाषचंद्र को पुलिस लाइन से थाना सिविल लाइन भेजा गया है।
महिला उपनिरीक्षकों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव
एसएसपी ने महिला उपनिरीक्षकों की तैनाती में भी परिवर्तन किया है। महिला उपनिरीक्षक शशि मलिक को प्रभारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन इकाई से महिला थाना भेजा गया है। सपना जायसवाल को प्रभारी वन स्टॉप सेंटर से महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन इकाई का प्रभारी बनाया गया है, जबकि पूनम यादव को महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन इकाई से प्रभारी वन स्टॉप सेंटर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बाबू खां का तबादला आदेश निरस्त
जारी आदेश में बाबू खां का कोतवाली से उसावां किया गया स्थानांतरण निरस्त कर दिया गया है। वहीं ओमप्रकाश को मुजरिया से न्यायालय सुरक्षा सेल में तैनात किया गया है। एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी इस व्यापक फेरबदल को जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।