up newsमृतका का फाइल फोटो

बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के सुंदरासी गांव में रविवार रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मीरगंज के असद नगर निवासी हरप्रसाद ने बताया कि उनकी बेटी यमुना की शादी पिछले वर्ष नवंबर में सुंदरासी गांव निवासी अंकित के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुआ था।

पड़ोसियों ने दी मौत की सूचना

रविवार रात यमुना की मौत की जानकारी ससुराल के पड़ोस में रहने वाले लोगों ने मायके पक्ष को दी। सूचना मिलते ही परिजन सुंदरासी गांव पहुंचे। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग बदहवास हो गए। परिजनों का आरोप है कि जब वे घर पहुंचे तो यमुना का शव कमरे में बेड पर पड़ा था। उन्होंने देखा कि उसका गला सूजा हुआ था। मृतका के पिता का कहना है कि हालात देखकर उन्हें गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दहेज हत्या का लगाया आरोप

हरप्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या दहेज के लिए की गई है। उनका कहना है कि बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा था और आखिरकार उसकी जान ले ली गई। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सीबीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *