बरेली। सिविल लाइंस स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब मॉल की लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में बंद हो गई और उसमें सवार कई लोग करीब 45 मिनट तक अंदर फंसे रहे। घुटन, दहशत और मदद न मिलने के कारण एक मासूम बच्ची बेहोश हो गई। घटना से नाराज लोगों ने बाहर निकलने के बाद मॉल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
घुटन और चीख-पुकार के बीच फंसे रहे बच्चे और महिलाएं
सुभाषनगर निवासी अधिवक्ता एवं कारोबारी नमनदीप सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ मॉल घूमने आए थे। उनके साथ हरमीत कौर, तिलकराम, आयुष गंगवार, शालिनी गंगवार समेत कई लोग लिफ्ट में सवार थे। इनमें छोटे बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं। अचानक तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बीच में रुक गई। लिफ्ट बंद होते ही अंदर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और सभी ने मदद के लिए आवाज लगानी शुरू कर दी।
इमरजेंसी अलार्म बजा, 10 बार कॉल की… फिर भी नहीं मिला जवाब
लिफ्ट में फंसे लोगों का आरोप है कि उन्होंने इमरजेंसी अलार्म बजाया और लिफ्ट में लिखे इमरजेंसी नंबर पर कई बार कॉल भी की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। करीब दस से अधिक बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद कोई मदद नहीं पहुंची। बढ़ती घुटन के बीच बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और एक बच्ची बेहोश होकर गिर पड़ी।
दरवाजा तोड़कर निकले बाहर, फिर फूटा गुस्सा
करीब 45 मिनट तक फंसे रहने के बाद लोगों ने किसी तरह लिफ्ट का दरवाजा खोलकर बाहर निकलने का प्रयास किया। बाहर आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मॉल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मैनेजर को बुलाने की मांग की, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद मॉल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
नए मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
घटना के बाद मॉल की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि हाल ही में शुरू हुए मॉल में अगर इमरजेंसी सिस्टम ही काम नहीं कर रहा है तो किसी बड़े हादसे की स्थिति में हालात भयावह हो सकते हैं। समय रहते लोगों को बाहर नहीं निकाला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मैनेजर बोले- तकनीकी फॉल्ट से हुई परेशानी
मॉल के मैनेजर विदित भार्गव ने बताया कि बिजली जाने के बाद तकनीकी फॉल्ट के कारण लिफ्ट रुक गई थी। उनके अनुसार अंदर फंसे लोगों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, जिससे सेंसर में दिक्कत आ गई। उन्होंने दावा किया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम ने कार्रवाई कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।