बरेली/बहेड़ी। कांवड़ यात्रा के मार्गों पर मीट, चिकन और मछली की बिक्री को लेकर पुलिस-प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती बढ़ा दी है। निर्धारित नियमों की अनदेखी कर खुलेआम दुकान चलाने से लेकर चोरी-छिपे मांसाहार बेचने वालों तक की निगरानी शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक और पुलिस टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी सख्ती के बीच बहेड़ी में चेतावनी के बावजूद मुख्य मार्ग पर नॉनवेज बिरयानी बेचना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया, जबकि दुकान का टिनशेड और काउंटर जेसीबी से ध्वस्त करा दिया गया।
चेतावनी बेअसर, शाम पांच बजे बिकती मिली बिरयानी
मामला बहेड़ी के पुराने रोडवेज के पास का है। मोहल्ला लोधीपुर निवासी सलमान यहां मुर्गे की बिरयानी की दुकान चला रहा था। पुलिस-प्रशासन की ओर से सावन और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मुख्य मार्गों पर मांस और मांसाहार की बिक्री को लेकर पहले ही निर्देश और चेतावनी जारी की गई थी। इसके बावजूद शुक्रवार शाम करीब पांच बजे दुकान पर नॉनवेज बिरयानी की बिक्री होती मिली।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी शानू गंगवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सीओ अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकानदार सलमान को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
जेसीबी पहुंची, टिनशेड और काउंटर किया ध्वस्त
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। मौके पर जेसीबी बुलाकर दुकान का टिनशेड और काउंटर ध्वस्त करा दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नियमों की अनदेखी कर मांसाहार बेचने वाले दुकानदारों में खलबली मच गई।
बरेली से बहेड़ी तक कांवड़ मार्गों पर फिर बढ़ी निगरानी
कांवड़ यात्रा को देखते हुए बरेली, बहेड़ी समेत कांवड़ियों के आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर निगरानी दोबारा तेज कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें यह जांच कर रही हैं कि प्रतिबंधित अथवा निर्धारित क्षेत्रों में कहीं मीट, चिकन और मछली की दुकानें तो नहीं खोली जा रही हैं। चोरी-छिपे मांसाहार की बिक्री की सूचना मिलने पर भी जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने कारोबारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। प्रशासन का रुख साफ है कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और आवश्यक होने पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ बोले आदेश तोड़ा तो आगे भी होगी कार्रवाई
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह के मुताबिक सावन के दौरान मुख्य मार्गों पर मांस-मांसाहार के कारोबार को लेकर पहले ही निर्देश दिए गए थे। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।