बरेली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बरेली में योग को लेकर उत्साह और जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर जिला प्रशासन और आयुष विभाग की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया, वहीं ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने ग्रैंड मुफ्ती हाउस में योग कर यह संदेश दिया कि योग किसी धर्म विशेष का नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य और मानसिक शांति का माध्यम है। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ग्रैंड मुफ्ती हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि योग का किसी भी धर्म से कोई संबंध नहीं है। इसे किसी धार्मिक चश्मे से देखने के बजाय स्वास्थ्य और मानव कल्याण के नजरिए से समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक तनाव भी दूर होता है। मौलाना रजवी ने कहा कि योग की परंपरा सदियों पुरानी है। सूफी संत अपने मुरीदों को रूहानी तालीम देने से पहले विशेष प्रकार के योग और वर्जिश कराया करते थे। इन अभ्यासों में हाथ-पैर की कसरत के साथ दिल और दिमाग को सकारात्मक और पवित्र बनाने पर भी जोर दिया जाता था। उन्होंने कहा कि सूफी परंपरा में योग का विशेष स्थान रहा है।
योग को धर्म से जोड़ना गलत
उन्होंने कहा कि कुछ लोग योग को किसी विशेष धर्म से जोड़ने का प्रयास करते हैं, जो पूरी तरह गलत है। ऐसे लोगों को सूफी योग के इतिहास और उसकी रूहानियत का अध्ययन करना चाहिए। इतिहास पर गंभीर नजर डालने से यह स्पष्ट हो जाएगा कि योग मानव जीवन को बेहतर बनाने की एक सार्वभौमिक विधा है। इस दौरान अब्दुल अजीज और साहिल रजा अंसारी भी मौजूद रहे।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया गया। सुबह पांच बजे से ही बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचने लगे और देखते ही देखते पूरा मैदान योग साधकों से भर गया। प्रशिक्षकों के निर्देशन में हजारों लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए तथा स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। नियमित योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी किया योगाभ्यास
स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी समेत जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने योगाचार्यों के निर्देशन में योगाभ्यास किया और लोगों से नियमित रूप से योग अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल गंगवार, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य, मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
गांधी उद्यान और साईं स्टेडियम में भी हुए आयोजन
योग दिवस केवल स्पोर्ट्स स्टेडियम तक सीमित नहीं रहा। गांधी उद्यान और कैंट स्थित साईं स्टेडियम में भी बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। गांधी उद्यान में महापौर डॉ. उमेश गौतम, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।