बरेली। बरेली और आसपास के जिलों के नागरिकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) का पहला अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र अब बरेली में पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रहा है। इस केंद्र के शुरू होने से आधार कार्ड बनवाने, संशोधन कराने और अपडेट संबंधी कार्यों के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। अब सभी आधार सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
आधार सेवा केंद्र डी-115 ए, गुलमोहर पार्क, संकल्प हॉस्पिटल के निकट, के.के. हॉस्पिटल रोड, राजेंद्र नगर, बरेली में स्थापित किया गया है। केंद्र इंचार्ज के अनुसार यहां आधार से संबंधित सभी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक नया आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ आधार में पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, फोटो और बायोमेट्रिक अपडेट करा सकते हैं। इसके अलावा नाम, जन्मतिथि और लिंग में संशोधन जैसी सुविधाएं भी यहां प्रदान की जा रही हैं।
रोज 1500 आवेदनों के निस्तारण की क्षमता
अत्याधुनिक तकनीक से लैस इस सेवा केंद्र का संचालन पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर किया जा रहा है। बेहतर सेवा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की अलग-अलग तैनाती की गई है। केंद्र में प्रतिदिन लगभग 1500 आधार संबंधी आवेदनों के निस्तारण की क्षमता है, जिससे लोगों को तेज और सुगम सेवाएं मिल रही हैं। नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पडेस्क की भी विशेष व्यवस्था की गई है। केंद्र प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यहां आधार सेवाओं के लिए केवल UIDAI द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाता है। किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाता, जिससे आमजन को पारदर्शी और विश्वसनीय सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।
सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा केंद्र
बरेलीवासियों के लिए सबसे बड़ी सुविधा यह है कि यह आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन खुला रहता है। केंद्र का समय सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। नागरिक सुविधा के लिए UIDAI की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने की व्यवस्था भी उपलब्ध है, जिससे लंबी कतारों और प्रतीक्षा से बचा जा सकता है। तेजी से बढ़ती डिजिटल जरूरतों के बीच यह आधार सेवा केंद्र बरेली और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र बनकर उभरा है, जहां आधार से जुड़ा हर काम अब आसानी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा सकेगा।