वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन के इस्कॉन मंदिर परिसर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी 21 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक मंदिर में प्रवेश से पहले चप्पल उतारने के दौरान परिसर में लगे लोहे के कूलर के स्टैंड के संपर्क में आ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार छतरपुर के पत्रकार चौक निवासी मोबाइल कारोबारी अमित उर्फ मिंटू गुप्ता अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर वृंदावन आए थे। बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद परिवार ई-रिक्शा से इस्कॉन मंदिर पहुंचा। मंदिर के प्रवेश द्वार पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाया गया बड़ा कूलर चल रहा था। इसी दौरान उनका बेटा अभिज्ञान गुप्ता चप्पल उतारने के लिए कूलर के लोहे के स्टैंड का सहारा लेने लगा। तभी स्टैंड में दौड़ रहे करंट की चपेट में आकर वह बुरी तरह फंस गया।
सैकड़ों लोग देखते रहे, कोई नहीं जुटा सका हिम्मत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट इतना तेज था कि अभिज्ञान स्टैंड से चिपक गया। आसपास मौजूद श्रद्धालु और लोग उसे बचाने की कोशिश तो करना चाहते थे, लेकिन करंट के डर से कोई उसके पास नहीं जा सका। कुछ ही सेकंड में वहां अफरा-तफरी मच गई।
बेटे को बचाने दौड़े पिता, लेकिन नहीं बच सकी जान
बेटे को तड़पता देख पिता अमित गुप्ता ने अपनी जान की परवाह किए बिना दौड़ लगाई और कूलर को जोरदार धक्का देकर गिरा दिया। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गंभीर रूप से झुलसे अभिज्ञान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बेटे की मौत के बाद पिता बार-बार उसे उठाने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनकी आंखों के सामने ही जवान बेटे की जिंदगी खत्म हो गई।
छतरपुर में शोक की लहर
अभिज्ञान की मौत की खबर जैसे ही छतरपुर पहुंची, परिवार और परिचितों में कोहराम मच गया। पत्रकार चौक और आसपास के व्यापारिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
मंदिर परिसर जैसे सार्वजनिक स्थान पर बिजली के उपकरण में करंट आने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित जांच और उचित रखरखाव होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।