बरेली। डीजे संचालक और राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) से जुड़े अर्जुन मौर्य हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बारादरी थाना पुलिस ने गुरुवार तड़के हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी अर्पित को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। हालांकि उसका साथी कुश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
भागने की फिराक में थे दोनों आरोपी
एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अर्जुन हत्याकांड के आरोपी अर्पित और कुश बाइक से कहीं भागने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही गश्त कर रही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और दोनों का पीछा शुरू कर दिया। हरूनगला मोड़ के पास घेराबंदी होते ही आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।
जवाबी फायरिंग में अर्पित के पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अर्पित के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं दूसरा आरोपी कुश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पूछताछ में कबूला जुर्म, अर्पित ने ही मारी थी गोली
पुलिस पूछताछ में आरोपी अर्पित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अर्जुन मौर्य की हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर हुई थी। पुलिस के अनुसार अर्जुन कथित तौर पर एक रिश्ते में बाधक बन रहा था, जिसके चलते रंजिश बढ़ी और हत्या की साजिश रची गई। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान अर्पित ने ही अर्जुन के माथे में गोली मारकर उसकी हत्या की थी।
20 वर्षीय अर्जुन की सिर में गोली मारकर हुई थी हत्या
गौरतलब है कि सोमवार रात करीब 11 बजे संजयनगर इलाके में 20 वर्षीय अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अर्जुन दिन में पेंटर का काम करता था जबकि रात में डीजे संचालन से जुड़ा हुआ था। वह राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) के जिला सचिव राकेश मौर्य का बेटा था। घटना के बाद परिवार की तहरीर पर अर्पित, कुश समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
अब फरार कुश की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश
मुख्य आरोपी अर्पित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब फरार आरोपी कुश की तलाश में जुट गई है। कई टीमों को उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।