बेतिया। पश्चिमी चंपारण के बेतिया अंचल कार्यालय में मंगलवार को निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए RTPS काउंटर पर तैनात क्लर्क राजकुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी क्लर्क जमीन की जमाबंदी अनलॉक कराने के नाम पर घूस की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर उसे रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

जमाबंदी अनलॉक कराने के बदले मांगी थी रिश्वत

पीड़ित बालेश्वर कुमार ने बताया कि उनकी जमीन की जमाबंदी लंबे समय से लॉक थी। उसे अनलॉक कराने के लिए RTPS काउंटर पर तैनात क्लर्क राजकुमार मिश्रा लगातार 15 हजार रुपये की मांग कर रहा था। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर काम लटकाने और दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा था। घूस की मांग से परेशान होकर बालेश्वर कुमार ने निगरानी विभाग से शिकायत की। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत मंगलवार को जैसे ही क्लर्क ने 15 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए, निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

काउंटर पर मचा हड़कंप

निगरानी विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और फरियादियों की भीड़ जुट गई। टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार राजकुमार मिश्रा पिछले करीब पांच वर्षों से उसी RTPS काउंटर पर तैनात था। वह पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र के पकड़िहार गांव का निवासी है।

निगरानी डीएसपी ने की पुष्टि

निगरानी विभाग के डीएसपी श्यामबाबू प्रसाद ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया था। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने बेतिया अंचल कार्यालय में कार्रवाई कर क्लर्क राजकुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को टीम अपने साथ लेकर रवाना हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *