indian railway news
Social Sharing icon

शाहजहांपुर। जिले के रेल यात्रियों के लिए बुधवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। लखनऊ से देहरादून जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर आधिकारिक ठहराव शुरू हो गया। इसके साथ ही अब यात्रियों को देहरादून, हरिद्वार और उत्तराखंड के अन्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए बरेली या लखनऊ पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। बुधवार सुबह 7:34 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस के शाहजहांपुर स्टेशन पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव से जिले के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब लोग सुबह शाहजहांपुर से निकलकर हरिद्वार या देहरादून पहुंच सकते हैं और शाम तक वापस लौटना भी संभव होगा। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा का बेहतर विकल्प है। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद के प्रतिनिधि कौशल मिश्रा ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस शाहजहांपुर के लिए लाइफलाइन साबित होगी। इससे व्यापार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को नई गति मिलेगी।

जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से मिली मंजूरी

देहरादून जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का पहले शाहजहांपुर में ठहराव नहीं था। इसके कारण यात्रियों को बरेली या लखनऊ से आरक्षण कराकर यात्रा करनी पड़ती थी। जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार उठाई गई मांग के बाद रेलवे मंत्रालय ने ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दी।

वित्त मंत्री बोले- जिले को मिली बड़ी सौगात

उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इसे शाहजहांपुर के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह ठहराव आम जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर ट्रेन के स्टॉपेज की मांग की गई थी, जिसे स्वीकार करते हुए रेलवे मंत्रालय ने शाहजहांपुर में ठहराव की स्वीकृति प्रदान की। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, सीनियर डीसीएम महेश यादव, सीएमआई एसके ठाकुर, सीएचआई त्रिलोक चंद्र, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, डीपी सिंह सहित बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed