Young scooter rider speeding through street before violent confrontation.तेज रफ्तार स्कूटी का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला।
Social Sharing icon

बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूटी चलाने का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। परिवार के साथ फास्ट फूड की दुकान पर खड़े युवक ने जब स्कूटी सवार को सावधानी से वाहन चलाने की नसीहत दी तो आरोपी आगबबूला हो गया। आरोप है कि उसने स्कूटी की डिक्की से चाकू निकालकर युवक पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बेटे को टक्कर लगने से बाल-बाल बचाया

मोहनपुर निवासी मुकेश कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ आदर्श कॉलोनी स्थित पवन फास्ट फूड के पास चाऊमीन खा रहे थे। इसी दौरान नकटिया निवासी आकाश शर्मा उर्फ मेंटल तेज रफ्तार स्कूटी लेकर वहां पहुंचा। उसकी लापरवाही भरी ड्राइविंग से मुकेश का बेटा दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गया।

टोकने पर भड़का आरोपी, डिक्की से निकाला चाकू

मुकेश के मुताबिक उन्होंने केवल इतना कहा कि स्कूटी धीरे चलाओ, यहां बच्चे मौजूद हैं। इस बात पर आरोपी भड़क गया। आरोप है कि उसने स्कूटी की डिक्की खोली और उसमें रखा चाकू निकालकर मुकेश पर हमला कर दिया। आरोपी ने उनकी कमर पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।

लोगों ने बचाई जान, अस्पताल पहुंचाया

घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह आरोपी को अलग किया और घायल मुकेश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

आरोपी गिरफ्तार, भेजा जाएगा जेल

कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय धीर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी आकाश शर्मा उर्फ मेंटल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *