Social Sharing icon

गोंडा। मनकापुर में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, अपाचे बाइक और लूट के 44 हजार रुपये बरामद किए हैं। पकड़े गए बदमाश चार दिन पहले एक सीमेंट कारोबारी से हुई लूट की वारदात में शामिल बताए जा रहे हैं।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागे बदमाश

पुलिस के मुताबिक मनकापुर थाना पुलिस और एसओजी टीम क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर तेजी से भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश ओम प्रकाश यादव के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसके दो साथियों प्रतीक यादव और आशीष वर्मा को भी दबोच लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तमंचा, कारतूस और लूट की रकम बरामद

गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल और लूट के 44 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका भी खंगाल रही है।

चार दिन पहले कारोबारी से की थी लूट

एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों ने चार दिन पहले एक सीमेंट व्यापारी से करीब एक लाख रुपये की लूट की थी। विरोध करने पर कारोबारी को घायल भी कर दिया गया था। मामले में मनकापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए गए थे।

एसपी बोले- शातिर लुटेरे गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल हुए ओम प्रकाश यादव समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद नकदी लूट की रकम का हिस्सा है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उनसे पूछताछ कर अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *