crime newsमृतका का फाइल फोटो
Social Sharing icon

बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के गांव चौबारी में बुधवार तड़के गर्भवती विवाहिता वंदिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई, मौत की खबर सुनते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मिलक मझारा निवासी कृष्णपाल के मुताबिक बुधवार सुबह करीब सवा तीन बजे फोन आया कि उनकी बेटी वंदिता की हालत खराब है। कुछ ही देर बाद बताया गया कि उसकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग चौबारी गांव पहुंचे तो वहां चीख-पुकार मची हुई थी। बेटी का शव देख मां-बाप बदहवास हो गए।

एक साल पहले किया था प्रेम विवाह

परिजनों के अनुसार वंदिता ने करीब एक साल पहले चौबारी निवासी आकाश से प्रेम विवाह किया था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी खुश रहेगी, लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही विवाद शुरू हो गए। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। मायके पक्ष का कहना है कि वंदिता गर्भवती थी और इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की जाती थी। पिता कृष्णपाल ने आरोप लगाया कि बेटी कई बार प्रताड़ना की बात बता चुकी थी, लेकिन उन्होंने रिश्ते को बचाने के लिए समझौता कराया। आरोप है कि आखिरकार दहेज की लालच ने उनकी बेटी की जान ले ली।

पति समेत छह लोगों पर हत्या का आरोप

कृष्णपाल ने पति आकाश, जगदीश, रूपदेई, विजय, उमेश और सचिन समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में चर्चा और तनाव का माहौल बना रहा। मायके पक्ष आरोपी परिवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ा रहा। कैंट थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *