कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम सड़क पर हुई मामूली बाइक टक्कर कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई। बीच सड़क पर शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि चाकू और हेलमेट से किए गए ताबड़तोड़ हमले में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। वारदात के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।
टक्कर के बाद भड़का विवाद, सड़क पर मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक किदवई नगर निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शुभम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित एक मार्बल शॉप में काम करते थे। रविवार शाम काम खत्म करने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नौबस्ता क्षेत्र में उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों पक्षों में बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार युवकों ने अचानक चाकू निकाल लिया और ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने हेलमेट से भी बेरहमी से वार किए, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
खून से लथपथ सड़क पर गिरे पिता-पुत्र
हमले में शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शुभम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। तीसरा बेटा सत्यम भी हमले में बुरी तरह घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते ही दो की मौत, तीसरे की हालत गंभीर
सूचना मिलते ही नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने शिवनारायण त्रिवेदी और शुभम त्रिवेदी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सत्यम का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वारदात के बाद आरोपी फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है।
क्या बोले पुलिस आयुक्त
पुलिस आयुक्त कानपुर नगर रघुबीर लाल ने बताया कि बाइक टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद और मारपीट हुई थी। इसी दौरान धारदार हथियार और हेलमेट से हमला किया गया। घटना में शिवनारायण त्रिवेदी और शुभम त्रिवेदी की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि सत्यम घायल हैं। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इलाके में तनाव, लोगों में आक्रोश
दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।