मुरादाबाद। सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। वीडियो में बिलारी से सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के चाचा मोहम्मद उस्मान नमाज पढ़ते दिखाई दे रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद मझोला थाना पुलिस ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नेता प्रतिपक्ष के ठहरने के दौरान का बताया जा रहा वीडियो
विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव गुरुवार को मुरादाबाद पहुंचे थे और सर्किट हाउस में ठहरे थे। इस दौरान सपा नेताओं ने उनसे मुलाकात कर बैठक भी की। बताया जा रहा है कि इसी दौरान मोहम्मद उस्मान ने सर्किट हाउस परिसर में नमाज अदा की। किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। भाजपा के कुछ नेताओं ने मामले पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस तक शिकायत पहुंची।
विधायक के चाचा बोले- वीडियो कब का, जानकारी नहीं
मामले में मोहम्मद उस्मान का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि वायरल वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया। उनका कहना है कि नमाज पढ़ना किसी भी तरह कानून का उल्लंघन नहीं है। वहीं, सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है।
शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सर्किट हाउस प्रभारी जेई की ओर से दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर मझोला थाना पुलिस ने मोहम्मद उस्मान के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अवरोध उत्पन्न करने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।