Social Sharing icon

बिहार के मोतिहारी में कॉलेज के बाहर छात्र की हत्या से सनसनी फैल गई। स्नातक की परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र रितेश कुमार पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

कॉलेज गेट के बाहर हुआ हमला

घटना पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा स्थित कझिया कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर की है। पुलिस के मुताबिक रितेश परीक्षा खत्म होने के बाद कॉलेज से बाहर निकला था। तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

चार आरोपियों की पहचान

एसडीपीओ जितेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें से एक आरोपी गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह कोटवा थाना क्षेत्र के बड़हरवा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

लड़की को लेकर विवाद की चर्चा

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों में पहले भी मारपीट हो चुकी थी। शुरुआती जांच में किसी लड़की को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

खून से सनी बाइक बरामद

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। इनमें से एक बाइक पर खून के निशान मिले हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *