ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लॉ की छात्रा के कथित अपहरण मामले में नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर छात्रा का एक नया वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उसने दावा किया है कि उससे दबाव में वीडियो बनवाया गया था। छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक ने उसे धमकाकर कैमरे के सामने सामान्य दिखने के लिए कहा था।
अपहरण के बाद वायरल हुआ था पहला वीडियो
मामला 6 मई का बताया जा रहा है, जब ग्वालियर के कैसर पहाड़िया इलाके से लॉ कॉलेज की सेकंड ईयर की छात्रा को कथित तौर पर कार में बैठाकर ले जाया गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें आरोपी युवक जीतू तोमर खुद को छात्रा का करीबी बता रहा था। वीडियो में छात्रा भी उसके साथ दिखाई दे रही थी।
छात्रा का नया वीडियो आया सामने
अब वायरल हुए नए वीडियो में छात्रा ने कहा है कि वह अपनी इच्छा से आरोपी के साथ नहीं गई थी। उसने आरोप लगाया कि उसे डराकर और धमकाकर वीडियो रिकॉर्ड कराया गया था। छात्रा का कहना है कि उसे ऐसा व्यवहार करने के लिए मजबूर किया गया ताकि किसी को शक न हो। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
पुलिस ने आरोपी को किया था गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जीतू तोमर को उत्तर प्रदेश के उरई-कानपुर रूट पर एक बस से गिरफ्तार कर लिया था। छात्रा को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया था। पुलिस अब छात्रा के नए बयान और वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
जानकारी के मुताबिक छात्रा ने आरोपी के खिलाफ पहले भी छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।