Social Sharing icon

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र की बैरियर टू पुलिस चौकी पर तैनात ट्रेनी दरोगा विमल चौहान को एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। टीम दरोगा को अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी दरोगा मृत आश्रित कोटे से पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था।

सूत्रों के मुताबिक एंटी करप्शन टीम को दरोगा द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने जाल बिछाया और बैरियर टू चौकी पर ही दरोगा विमल चौहान को 10 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। टीम ने मौके पर ही रकम बरामद कर दरोगा को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान चौकी और थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मी भी पूरे घटनाक्रम को लेकर सकते में नजर आए। एंटी करप्शन टीम आरोपी दरोगा से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने की तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि ट्रेनी दरोगा विमल चौहान की नियुक्ति मृत आश्रित कोटे से हुई थी। रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तारी के बाद विभागीय कार्रवाई भी तय मानी जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। एंटी करप्शन टीम अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी दरोगा पहले भी इस तरह वसूली करता था या नहीं। फिलहाल टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *