लखनऊ। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने देश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बढ़त के साथ ही चुनावी रणनीति और नारों की ताकत पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। खासकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath का दिया गया नारा— ‘गौमाता को कटने नहीं देंगे, हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे’—अब सियासी गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा में है। इस नारे को भाजपा की जीत के अहम कारणों में गिना जा रहा है और माना जा रहा है कि इसका असर आने वाले उत्तर प्रदेश के चुनावों में भी दिख सकता है।
बंगाल में ‘नारे की राजनीति’ ने बदला माहौल
पश्चिम बंगाल में चुनावी मुकाबला सिर्फ विकास और योजनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह भावनात्मक और पहचान की राजनीति में भी बदल गया। भाजपा ने ‘जय श्री राम’ और ‘जय मां काली’ जैसे नारों के साथ हिंदुत्व की पिच पर जोरदार बल्लेबाजी की। इसी क्रम में योगी आदित्यनाथ के भाषणों ने चुनावी माहौल को और तीखा बना दिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नारों ने एक खास वर्ग को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई। भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस पर ‘तुष्टिकरण’ का आरोप लगाते हुए इसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया। वहीं टीएमसी की ओर से दिए गए कुछ बयानों और सांस्कृतिक संदर्भों को भी भाजपा ने अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए भुनाया।
यूपी के लिए बना ‘टेस्ट मॉडल’
बंगाल का चुनाव अब उत्तर प्रदेश के लिए एक ‘टेस्ट मॉडल’ की तरह देखा जा रहा है। भाजपा रणनीतिक रूप से यहां मिली सफलता को यूपी में दोहराने की तैयारी में है। 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी में भाजपा को अपेक्षा के मुताबिक प्रदर्शन नहीं मिला था। ऐसे में पार्टी अब नए सिरे से अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है। योगी आदित्यनाथ के सख्त प्रशासनिक छवि और हिंदुत्व आधारित नारों को मिलाकर एक नई रणनीति तैयार की जा रही है। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों में इसी ‘डबल एजेंडा’—विकास और पहचान—पर जोर दे सकती है।
विपक्ष की ‘PDA पॉलिटिक्स’ बनाम भाजपा की ‘ध्रुवीकरण रणनीति’
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) समीकरण को मजबूत करने की रणनीति बनाई है। इस रणनीति का मकसद जातीय आधार पर वोटों को एकजुट करना है। लेकिन भाजपा इसके जवाब में धार्मिक ध्रुवीकरण के जरिए वोट बैंक को साधने की कोशिश करती दिख रही है। यही वजह है कि चुनावी मैदान में ‘हिंदू बनाम अन्य’ की बहस फिर से तेज होती नजर आ रही है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह ध्रुवीकरण बढ़ता है तो विपक्ष के लिए चुनौती और कठिन हो सकती है।
मुस्लिम वोट बैंक की सियासत पर सीधा हमला
भाजपा ने साफ संकेत दिए हैं कि वह ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे के साथ आगे बढ़ेगी, लेकिन साथ ही विपक्ष पर ‘मुस्लिम तुष्टिकरण’ का आरोप लगाकर उसे घेरने की रणनीति भी जारी रखेगी। उत्तर प्रदेश में एआईएमआईएम, कांग्रेस और बसपा भी मुस्लिम वोट बैंक को साधने में जुटी हैं। ऐसे में वोटों का बिखराव होना तय माना जा रहा है। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव हाल के दिनों में मंदिरों में दर्शन करते नजर आए हैं, जिसे भाजपा ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ की राजनीति बताकर निशाना बना रही है।
‘बंटेंगे तो कटेंगे’ से ‘गौमाता’ तक… नारे की ताकत
योगी आदित्यनाथ का ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ नारा पहले ही कई राज्यों के चुनावों में गूंज चुका है। अब ‘गौमाता’ और ‘हिंदू एकता’ जैसे नए नारों के साथ भाजपा अपनी रणनीति को और धार देने में लगी है। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि ये नारे सिर्फ भाषण का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि ये मतदाताओं के मानस को प्रभावित करने का एक मजबूत माध्यम बन चुके हैं। बंगाल के चुनावी नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि पहचान की राजनीति आज भी भारतीय चुनावों में बड़ा रोल निभाती है।
बंगाल की जीत से उत्साहित भाजपा, यूपी में बढ़ेगा आक्रामक रुख
भाजपा के भीतर बंगाल की जीत को लेकर खासा उत्साह है। पार्टी इसे अपनी रणनीति की बड़ी सफलता मान रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मंत्रिमंडल के साथ इस जीत का जश्न मनाया, जिससे पार्टी में एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई। वहीं, भाजपा अब विपक्ष के बयानों को लेकर जनता के बीच जाने की रणनीति पर काम कर रही है। सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर तक माहौल बनाने की कवायद तेज हो गई है।
कानून-व्यवस्था और ‘बुलडोजर मॉडल’ भी बड़ा फैक्टर
योगी सरकार की कानून-व्यवस्था और ‘बुलडोजर मॉडल’ को भी भाजपा अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुखता से रख रही है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और सख्त प्रशासनिक फैसलों को जनता के बीच सकारात्मक रूप में पेश किया जा रहा है। भाजपा का दावा है कि विकास और सुरक्षा—दोनों मोर्चों पर उसकी सरकार मजबूत रही है, जबकि विपक्ष इसे लेकर लगातार सवाल उठाता रहा है।
अखिलेश के सामने बढ़ी चुनौती
बंगाल के नतीजों के बाद अखिलेश यादव के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी PDA रणनीति को जमीन पर उतारने की होगी। भाजपा अब उनके बयानों को लेकर आक्रामक रुख अपना रही है और उन्हें घेरने की कोशिश कर रही है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अगर विपक्ष एकजुट नहीं हुआ और वोटों का बंटवारा हुआ, तो भाजपा को सीधा फायदा मिल सकता है।