बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब लखनऊ से लौट रही CNG कार अचानक आग का गोला बन गई। इस भीषण आग में पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से झुलस गया और अस्पताल में जिंदगी-मौत से जंग लड़ रहा है।
रात के सन्नाटे में धधकी कार
हादसा शाहजहांपुर रोड स्थित रौता गांव के पास रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुआ। वार्ड नंबर-6 निवासी अर्पित भारद्वाज (32) अपनी पत्नी प्रिया (28) को इलाज के बाद लखनऊ से घर ला रहे थे। प्रिया पिछली सीट पर लेटी थीं, तभी अचानक कार में आग लग गई।
देखते ही देखते आग का गोला बनी गाड़ी
आग इतनी तेजी से फैली कि संभलने का मौका तक नहीं मिला। प्रिया कार के अंदर ही फंस गईं और जिंदा जल गईं। अर्पित किसी तरह बाहर निकल पाया, लेकिन वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अर्पित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
ऑपरेशन के बाद घर लौट रही थी प्रिया
जानकारी के मुताबिक, अर्पित पहले पत्रकारिता में थे और फिलहाल स्वास्थ्य विभाग में ब्लॉक कोऑर्डिनेटर हैं। 2023 में उनकी शादी प्रिया से हुई थी। हाल ही में प्रिया का ऑपरेशन हुआ था और वह ठीक होकर घर लौट रही थीं, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन देर हो चुकी थी
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। प्रिया के जले हुए अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अर्पित के पिता प्रमोद भारद्वाज ने बहू की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि उनका बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। एक ही झटके में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।