बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां मिनी बैंक संचालक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जान बचाने के लिए वह बाइक से भागा, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।
होटल पर विवाद से शुरू हुआ खूनी खेल
शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी 32 वर्षीय सतेंद्र कुमार नगर पालिका परिसर में एसबीआई की मिनी ब्रांच और सीएचसी सेंटर चलाता था। गुरुवार रात वह मिनी ब्रांच बंद कर मोहम्मदपुर चौराहा बाईपास स्थित एक होटल पर खाना खा रहा था। तभी मोहम्मदपुर गौटिया निवासी अंकित अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
भागा तो पीछा कर रोडवेज के पास घेरा
हमले से बचने के लिए सतेंद्र बाइक से भागा, लेकिन आरोपी पीछे पड़ गए। रोडवेज के पास उसे घेर लिया गया और लोहे की रॉड से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल सतेंद्र बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। घायल को निजी एंबुलेंस से बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पहले भाई सुरेंद्र की तहरीर पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन मौत के बाद इसमें हत्या की धारा जोड़ दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश
इंस्पेक्टर बहेड़ी दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जांच जारी है। आसपास के करीब 300 मीटर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सतेंद्र की शादी चार साल पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी है। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं अच्छे व्यवहार के चलते क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।