google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSसऊदी अरब में उमरा के अरकान अदा करते बरेली के यात्री

बरेली। हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद सऊदी अरब के रियाद और जेद्दा की कई उड़ानें रद्द होने से उमरा करने गए बरेली के करीब 300 जायरीन मक्का और मदीना में फंस गए हैं। उड़ानों का संचालन प्रभावित होने के कारण जायरीन की वतन वापसी नहीं हो पा रही है। सभी लोग सुरक्षित हैं और जल्द हालात सामान्य होने की उम्मीद के साथ वतन वापसी की दुआ कर रहे हैं। वहीं, बरेली से उमरा पर जाने की तैयारी कर रहे करीब 250 लोगों का सफर भी फिलहाल रुक गया है।

उड़ानें रद्द होने से 250 जायरीन का उमरा सफर रुका

ट्रैवल एजेंसी संचालक मोहम्मद आसिम हुसैन कादरी ने बताया कि हूती हमलों के बाद सऊदी अरब की हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। फिलहाल सऊदी अरब की एयरलाइंस की उड़ानें संचालित हो रही हैं, जबकि इंडिगो समेत अन्य एयरलाइंस की कई उड़ानें रद्द हैं। इसके चलते 12 अक्टूबर से अब तक कई यात्रियों ने अपने टिकट भी रद्द करा दिए हैं। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर तक उड़ानों के संचालन में परेशानी बनी रहने की आशंका है। ट्रैवल एजेंसी संचालक सैयद मुशर्रफ और हाफिज इमरान रजा बरकाती ने बताया कि उनकी एजेंसियों के माध्यम से भी कई लोग उमरा करने सऊदी अरब गए हैं। उड़ानें रद्द होने के कारण वे वहीं रुके हुए हैं। दूसरी ओर, बरेली से उमरा के लिए रवाना होने वाले कई लोगों ने मौजूदा हालात को देखते हुए फिलहाल अपनी यात्रा टाल दी है।

उमरा पूरा कर चुके जायरीन को वतन लौटने का इंतजार


बरेली की रजा कॉलोनी निवासी सरवर आलम ने बताया कि वह सऊदी अरब में सुरक्षित हैं। उड़ानें रद्द होने के कारण वापसी नहीं हो पा रही है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द हालात सामान्य होंगे और सभी लोग सकुशल अपने घर लौट सकेंगे। किला क्षेत्र निवासी बदरुल हुदा ने बताया कि जिन जायरीन का उमरा पूरा हो चुका है, वे वतन वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं, हाल ही में पहुंचे लोग मक्का और मदीना में इबादत करने के साथ उमरा के अरकान अदा कर रहे हैं।

हमलों की खबर से बेचैनी, होटलों में सुरक्षित ठहरे जायरीन

रामपुर रोड निवासी नजमा ने बताया कि हमलों की खबरों से जायरीन में कुछ बेचैनी जरूर है, लेकिन फिलहाल सभी सुरक्षित हैं। लोग होटलों में ठहरे हुए हैं और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। सभी को उम्मीद है कि जल्द उड़ानें शुरू होंगी और वे अपने परिवार के पास लौट सकेंगे।

प्रशासन को अभी तक नहीं मिली फंसे यात्रियों की सूचना

एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि सऊदी अरब में बरेली के लोगों के फंसे होने के संबंध में अभी तक किसी परिजन ने जिला प्रशासन को सूचना नहीं दी है। उधर, उड़ानें रद्द होने से जायरीन के परिजन भी उनकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं। मक्का-मदीना में मौजूद जायरीन लगातार अपने परिवारों के संपर्क में हैं और जल्द वतन लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *