बरेली। बरेली की जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया की बहन अनीता कन्नौजिया की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चिनहट थाना क्षेत्र के चक मल्हार स्थित ससुराल में उनका शव जमीन पर पड़ा मिला। ससुराल पक्ष ने आत्महत्या की बात कही है, जबकि मायके वालों ने पति और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों की मांग पर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया ने बताया कि उनका परिवार लखनऊ के आशियाना क्षेत्र का रहने वाला है। उनकी बहन अनीता की शादी 19 अप्रैल 2014 को टाटा मोटर्स में ऑडिट इंजीनियर के पद पर कार्यरत राहुल कन्नौजिया से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें 11 वर्षीय बेटा और चार साल की बेटी शामिल हैं। नीतू कन्नौजिया का आरोप है कि शादी के बाद से ही राहुल उनकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। वह अनीता से अनुचित बातें भी करता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थीं। अनीता ने कई बार परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में अपनी परेशानी साझा की थी। हालांकि, परिवार टूटने से बचाने की उम्मीद में मायके वालों ने पहले कोई शिकायत नहीं की।
मौत से पहले व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजा संदेश
नीतू के मुताबिक, बुधवार सुबह 9:49 बजे अनीता ने परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में एक संदेश भेजा था। इसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया था। संदेश में पति की ओर से अनुचित बातें कहे जाने का भी जिक्र था। इसके कुछ देर बाद अनीता का मोबाइल फोन बंद हो गया। अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने पास में रहने वाली एक रिश्तेदार को अनीता के घर भेजा। वहां अनीता का शव जमीन पर पड़ा मिला। ससुराल वालों ने बताया कि अनीता ने आत्महत्या कर ली है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
बहन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। नीतू कन्नौजिया और अन्य परिजनों ने अनीता के पति राहुल और सास पर प्रताड़ना एवं हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों की मांग पर डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।