शाहजहांपुर। स्मैक तस्करी के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर सर्राफ से दो लाख रुपये वसूलने के मामले में तिलहर थाने के चार सिपाहियों पर कार्रवाई हुई है। दो सीओ की संयुक्त जांच में आरोप सही मिलने पर एसपी सौरभ दीक्षित ने चारों को निलंबित कर मुकदमा दर्ज कराया। इनमें दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जलालाबाद के कानूनगोयान मोहल्ला निवासी सुंदरम क्षत्रिय की बुधवाना में सराफा की दुकान है। उनके मुताबिक, चार सितंबर को एक व्यक्ति ने फोन कर दस हजार रुपये की जरूरत बताई और जेवर गिरवी रखने की बात कही। सुंदरम ने दुकान बंद होने की जानकारी दी तो वह व्यक्ति जलालाबाद आ गया। उससे मिलने के लिए सुंदरम सरैया मोड़ पहुंचे थे।
सादे कपड़ों में आए सिपाही, सुनसान जगह ले जाने का आरोप
सुंदरम का आरोप है कि सरैया मोड़ पर दो बाइकों से सादे कपड़ों में चार सिपाही पहुंचे और उन्हें पकड़ लिया। चारों पहले जलालाबाद में तैनात रह चुके थे, इसलिए वह उन्हें पहचानते थे। सिपाही उन्हें बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह ले गए। आरोप है कि वहां एक सिपाही ने अपनी जेब से पॉलिथीन निकालकर उनकी बाइक में रख दी और स्मैक तस्करी का आरोप लगाने लगे। इसके बाद उन्हें तिलहर की बिरियागंज चौकी ले जाया गया। सुंदरम के मुताबिक, चौकी पर उन्हें प्रताड़ित किया गया और तस्कर साबित करने के लिए वीडियो बनाने लगे। मुकदमे से बचाने के बदले दो लाख रुपये मांगे गए।
परिजनों से रुपये मंगवाकर दिए, फिर एसपी से की शिकायत
सुंदरम ने बताया कि उन्होंने परिजनों को बुलाकर दो लाख रुपये दिए, जिसके बाद उन्हें जाने दिया गया। आरोप है कि सिपाहियों ने शिकायत करने पर जेल भेजने की धमकी भी दी। बाद में उन्होंने साहस जुटाकर एसपी सौरभ दीक्षित से शिकायत की और कुछ कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपीं। एसपी ने जलालाबाद सीओ दीपक कुमार और तिलहर सीओ विदुश सक्सेना को संयुक्त जांच सौंपी। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर सिपाही अरुण चित्तौड़िया, पंकज, तुषार और वीरेंद्र कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार व धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।
पंकज और वीरेंद्र गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
चारों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने पंकज और वीरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अरुण चित्तौड़िया और तुषार की तलाश की जा रही है। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि प्रकरण में अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।