bareillyअधिकारियों के साथ बैठक करते नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य।

बरेली। शहर में नई सड़क बनने के बाद पाइपलाइन, बिजली, गैस या टेलीकॉम के काम के नाम पर उसे दोबारा खोदने की नौबत न आए, इसके लिए नगर निगम ने विभागों के बीच पहले ही समन्वय करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को नगर आयुक्त ने कान्हा गौशाला, सीएम ग्रिड और निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। सीएम ग्रिड फेज-3 में स्टेडियम रोड पर चयनित सड़क पर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तेज करते हुए तीन दिन में सभी चिह्नित अतिक्रमणकारियों को नोटिस देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सीएम ग्रिड फेज-1 के तहत रोड नंबर-01, 02, 03 और 04 पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। कुछ स्थानों पर पाथवे ऊबड़-खाबड़ मिलने पर उसे दुरुस्त कराने को कहा गया। विद्युत विभाग को कार्यों की नियमित निगरानी के संबंध में पत्राचार करने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना के शेष कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के साथ सीवर चैंबर को कवर करने को कहा गया। सड़कों पर चल रहे ब्रांडिंग और सौंदर्यीकरण के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं सीएम ग्रिड फेज-3 के तहत स्टेडियम रोड पर चयनित ईंट प्जाया चौराहे से महर्षि कश्यप चौराहा तक की सड़क पर चिह्नित अतिक्रमण को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। संपत्ति विभाग और मानचित्रकार को निर्देश दिए गए कि तीन दिन के भीतर शत-प्रतिशत संबंधित लोगों को नोटिस तामील करा दिए जाएं, ताकि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी कर सड़क का काम समय से शुरू किया जा सके।

सड़क बनाने से पहले निपटा लें पाइपलाइन-बिजली के काम

नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सड़क का निर्माण शुरू करने से पहले जलकल विभाग, बिजली विभाग, सीयूजीएल और टेलीकॉम कंपनियों से समन्वय किया जाए। जहां सीवर या पाइपलाइन बिछाने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, वहां मरम्मत और निर्माण कार्य भी प्राथमिकता से कराया जाए। इसका उद्देश्य नई सड़क बनने के बाद उसे दोबारा खोदने की स्थिति से बचाना है। 15वें वित्त आयोग और अवस्थापना निधि से कराए जा रहे सड़क एवं नाला निर्माण समेत अन्य कार्यों को भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। बारिश के कारण प्रभावित निर्माण कार्यों की नए सिरे से योजना बनाकर निर्धारित समय में पूरा करने को कहा गया।

कान्हा गौशाला में तालाब से प्ले जोन तक होगा सौंदर्यीकरण

बैठक में कान्हा गौशाला के विकास और सौंदर्यीकरण की भी समीक्षा हुई। मुख्य अभियंता निर्माण को तालाब में बोल्डर पिचिंग, प्ले जोन में मिट्टी भराव के बाद ग्रास पेवर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने और तालाब के पास तथा गार्ड रूम के सामने खाली स्थान पर ग्रिल लगाकर लैंडस्केपिंग कराने के निर्देश दिए गए। गौशाला में जल निकासी बेहतर करने के लिए कम गहरी नाली बनाई जाएगी। गायों और नंदियों के लिए पहले से बने टीन शेड का विस्तार किया जाएगा। कच्चे स्थानों पर सीसी इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का काम भी समय से पूरा करने को कहा गया है।

चारे का हर दिन होगा वजन, जल्द तैयार होगी वेइंग मशीन

गौशाला में निर्माणाधीन वेइंग मशीन का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तैयार होने के बाद प्रतिदिन गौशाला पहुंचने वाले चारे के वजन की निगरानी और सत्यापन किया जा सकेगा। नगर आयुक्त ने प्रभारी संपत्ति और तहसीलदार को तहसील प्रशासन के साथ समन्वय कर नदौसी स्थित कान्हा गौशाला के आसपास नगर निगम की संपत्तियों और तालाब आदि का चिह्नांकन कराने के निर्देश भी दिए। निगम की भूमि पर अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *