बरेली। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने मुरादाबाद के सर्किट हाउस में नमाज पढ़े जाने के मामले पर कड़ा ऐतराज जताया है। शनिवार को बरेली के स्पर्श लॉन में लायंस क्लब की ओर से आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सर्किट हाउस और सरकारी गेस्ट हाउस जैसे सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की धार्मिक गतिविधियां उचित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नमाज के लिए मस्जिद या अपना घर उपयुक्त स्थान है। मामले में स्थानीय प्रशासन नियमों के मुताबिक कार्रवाई कर रहा है।
शिक्षकों को बताया राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव
शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री ने शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। एक ईमानदार और समर्पित शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व को गढ़कर देश के बेहतर भविष्य का निर्माण करता है।
अखिलेश पर तंज- अपना चश्मा ठीक से लगाएं
उत्तर प्रदेश में स्कूलों के बंद होने को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आरोपों पर बीएल वर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा सुप्रीमो को अपना चश्मा ठीक से लगाने की जरूरत है। चश्मा सही होगा तो उन्हें प्रदेश में डबल इंजन सरकार का विकास साफ दिखाई देगा। बीएल वर्मा ने पूर्ववर्ती सपा सरकार को शिक्षा, रोजगार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले सरकारी नौकरियों की भर्ती में पारदर्शिता नहीं थी और तब सैफई से लिस्ट आने की चर्चा रहती थी। इसके विपरीत योगी सरकार में पारदर्शी व्यवस्था के तहत युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है।
अवैध निर्माण पर बोले- दोषी मिला तो होगी कार्रवाई
सहारनपुर में अवैध निर्माण से जुड़े सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का रुख स्पष्ट है। जांच में कोई निर्माण अवैध पाया जाता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कानून और नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।