google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyपुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

बरेली। संतोष साहू हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता मिली है। सीबीगंज पुलिस ने हत्याकांड के तीसरे आरोपी करन को झुमका तिराहे से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस विनोद और मदनलाल को जेल भेज चुकी है। हालांकि, वारदात के कई दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी ललित उर्फ लाला पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुराना मुकदमा वापस न लेने की रंजिश में संतोष साहू को गोली मारी गई थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

सीबीगंज थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी 37 वर्षीय संतोष कुमार साहू परसाखेड़ा स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करते थे। घटना वाली रात वह गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम और दावत में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। आरोप है कि रात करीब दस बजे दुर्गा माता मंदिर के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। हमले में एक गोली संतोष की आंख के पास से सिर में जा लगी, जबकि दूसरी गोली हाथ को छूते हुए निकल गई। गोली लगने से संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल श्री राममूर्ति अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनकी जान बचाने का प्रयास किया। सिर में फंसी गोली निकालने के लिए ऑपरेशन भी किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार 27 अक्टूबर की सुबह उपचार के दौरान संतोष ने दम तोड़ दिया।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर परिजनों ने किया हंगामा

संतोष हत्याकांड में मुख्य आरोपी ललित उर्फ लाला की गिरफ्तारी न होने से मृतक के परिवार में आक्रोश है। शनिवार को संतोष की पत्नी और अन्य परिजन सीबीगंज थाने पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। परिजनों ने मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने में हंगामा किया। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में ढिलाई बरत रही है। उनका कहना था कि आरोपी के अदालत में आत्मसमर्पण करने की तैयारी की जानकारी होने के बावजूद पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने मुख्य आरोपी ललित उर्फ लाला की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

छह नामजद आरोपियों में तीन पर कार्रवाई, तीन की तलाश जारी

संतोष साहू हत्याकांड में छह लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस विनोद और मदनलाल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब करन के खिलाफ भी गिरफ्तारी की कार्रवाई सामने आई है। इस तरह मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, मुख्य आरोपी ललित उर्फ लाला समेत शेष आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संतोष की हत्या के बाद से परिवार न्याय की मांग कर रहा है। परिजनों की निगाहें अब मुख्य आरोपी ललित उर्फ लाला की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *