बरेली। ई-रिक्शा चालकों को सवारी बनकर बुक करना, रास्ते में शराब अथवा नशीला पदार्थ देकर उन्हें नशे की हालत में सुनसान जगह पर छोड़ना और फिर ई-रिक्शा चोरी कर ले जाना-इस तरीके से वारदात करने वाले गिरोह का कैंट पुलिस और एसओजी ने खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो चोरी के ई-रिक्शा, एक ई-रिक्शा की बैटरी, घटना में प्रयुक्त दो ऑटो और 12 बोर का तमंचा बरामद किया है।
400 रुपये में बुक किया ई-रिक्शा, शराब पिलाकर किया काबू
पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर को पप्पू नामक ई-रिक्शा चालक ने शिकायत दी थी कि सैटेलाइट पुल के पास दो लोगों ने उसका ई-रिक्शा 400 रुपये में बुक किया। रास्ते में आरोपियों ने उससे शराब मंगाई और साथ बैठकर शराब पी। चालक के लघुशंका के लिए जाने पर आरोपी उसका ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में सामने आया वारदात का तरीका
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे टैम्पो से बरेली आते थे और सीधे-साधे ई-रिक्शा चालकों को सवारी बनकर बुक करते थे। रास्ते में शराब या नशीला पदार्थ देकर चालक को नशे की हालत में सुनसान स्थान पर छोड़ देते और ई-रिक्शा लेकर फरार हो जाते थे।
बल्लिया की झाड़ियों में खड़े करते थे चोरी के रिक्शे
पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर की वारदात में ई-रिक्शा चालक को वीरांगना चौक के आगे सुनसान स्थान पर छोड़कर रिक्शा चोरी किया गया और उसे बल्लिया के पास झाड़ियों में खड़ा कर दिया गया। 13 सितंबर को महेशपुरा फाटक से भी इसी तरीके से एक अन्य ई-रिक्शा चोरी करने की बात सामने आई है। बदायूं के बिनावर क्षेत्र में तीन सितंबर को चालक को नशा देकर ई-रिक्शा की बैटरियां निकालने का भी पुलिस ने दावा किया है।
तीनों आरोपी बदायूं के, पुल के पास से गिरफ्तारी
कैंट पुलिस और एसओजी टीम ने 17 सितंबर को कार्रवाई करते हुए सलीम पुत्र कय्यूम (40), दिनेश पुत्र जयपाल सिंह (22) और अंकित ठाकुर पुत्र सोहनपाल (30) को सैटेलाइट से नकटिया की ओर जाने वाले पुल के पूर्वी छोर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।