UP NEWअविनाश सिंह, जिलाधिकारी, बरेली।

बरेली। मृतक आश्रित कोटे से कनिष्ठ लिपिक के पद पर नियुक्त रेहान खान लगातार तीन बार हिंदी टंकण परीक्षा पास नहीं कर सके। तीसरे और अंतिम अवसर में भी अनुत्तीर्ण होने के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने उन्हें चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्त करने का आदेश जारी किया है। रेहान खान तहसील मीरगंज में कार्यरत हैं।

2021 में मिली थी कनिष्ठ लिपिक की नौकरी

रेहान खान की नियुक्ति मृतक आश्रित के रूप में पांच जुलाई 2021 को कनिष्ठ लिपिक के पद पर हुई थी। नियमानुसार उन्हें हिंदी टंकण परीक्षा उत्तीर्ण करनी थी। पहली परीक्षा 25 सितंबर 2023 को हुई, जिसमें वह अनुत्तीर्ण रहे। इसके बाद उन्हें दूसरा अवसर दिया गया, लेकिन 21 जून 2024 को हुई परीक्षा में भी वह सफल नहीं हो सके।

तीसरा मौका भी गंवाया, अब पदावनत

रेहान खान को हिंदी टंकण परीक्षा पास करने के लिए तीसरा और अंतिम अवसर दिया गया। आठ सितंबर 2026 को हुई परीक्षा में भी वह निर्धारित मानक हासिल नहीं कर सके। इसके बाद शासनादेश के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने 16 सितंबर को आदेश जारी कर रेहान खान को चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्त कर दिया।

चार अन्य कर्मचारियों को भी मिला मौका

प्रशासन ने टंकण परीक्षा में अनुत्तीर्ण अन्य मृतक आश्रित कर्मचारियों को भी अगला अवसर दिया है। राहुल कुमार और लक्ष्मी सक्सेना को हिंदी टंकण परीक्षा के लिए तीसरा एवं अंतिम मौका दिया गया है। वहीं कंचित चौधरी और नेहा जोशी को दूसरा अवसर मिलेगा। इन कर्मचारियों को टंकण परीक्षा की तैयारी के लिए दो माह का समय दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *