UP NEWSगणेश विसर्जन की सुरक्षा को लेकर ऑनलाइन समीक्षा करते एसएसपी अनुराग आर्य।

बरेली। गणेश मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। बृहस्पतिवार को एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर विसर्जन जुलूसों से लेकर संवेदनशील इलाकों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। साफ कहा कि छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लिया जाए और उसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।

जुलूस के चारों ओर रहेगा पुलिस का सुरक्षा घेरा

एसएसपी ने निर्देश दिए कि गणेश मूर्ति विसर्जन के लिए निकलने वाले प्रत्येक जुलूस में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बॉक्स फॉर्मेशन में लगाई जाए। यानी जुलूस के आगे-पीछे और दोनों ओर पुलिस का सुरक्षा घेरा रहेगा। भीड़ वाले स्थानों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।

मूर्ति स्थलों पर 24 घंटे पुलिस की निगरानी

गणेश मूर्ति स्थापित किए गए स्थानों को भी सुरक्षा के दायरे में रखा गया है। प्रत्येक मूर्ति स्थल पर 12-12 घंटे की शिफ्ट में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाकर चौबीस घंटे निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारियों से विसर्जन मार्गों का पहले ही भ्रमण कर संवेदनशील स्थानों, भीड़ वाले क्षेत्रों और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने को कहा गया है।

संवेदनशील इलाकों में गश्त, अराजक तत्वों पर नजर

डायल-112, पीआरवी और थाना पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कराई जाएगी। पुलिस को अराजक और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के साथ जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ निरोधात्मक और कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को हिदायत दी कि क्षेत्र में होने वाली किसी भी संवेदनशील घटना को हल्के में न लें। सामान्य दिखाई देने वाली घटना से भी माहौल प्रभावित होने की आशंका हो तो तत्काल कार्रवाई कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी जाए।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो होगी कार्रवाई

विसर्जन के दौरान सोशल मीडिया की भी निगरानी की जाएगी। भ्रामक, भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट सामने आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया के जरिये माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

फिर शुरू होगा पुलिस का संवाद कार्यक्रम

एसएसपी ने जिले में पुलिस का संवाद कार्यक्रम दोबारा शुरू करने के निर्देश भी दिए। इसके तहत पुलिस अधिकारी आम लोगों, गणमान्य नागरिकों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे। बैठक में अपराध नियंत्रण, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ गणेश विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *