बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जदौआ में मारपीट की सूचना पर बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम के साथ अभद्रता, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सड़क पर हो रही थी मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को थाना भोजीपुरा पुलिस टीम के हेड कांस्टेबल परमानन्द और कांस्टेबल अरुण कुमार सम्मन/नोटिस तामीला तथा जांच संबंधी कार्रवाई के लिए ग्राम जदौआ पहुंची थी। इसी दौरान गांव के बाहर सड़क पर एक पिकअप वाहन के पास कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे।पुलिस के अनुसार, मौके पर पिकअप चालक अशोक, उसके भाई सूरजपाल, वेदप्रकाश, विक्की, सतीश समेत अन्य लोग मौजूद थे और मछली पकड़ने वाले मोहम्मद युनिश के साथ विवाद एवं मारपीट कर रहे थे।
पुलिस ने रोका तो वर्दीधारियों से ही भिड़ गए आरोपी
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मारपीट रोकने और बीच-बचाव का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने एक राय होकर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना भोजीपुरा में दर्ज किया।
पुलिस ने बनाई टीम, 24 घंटे के भीतर चार गिरफ्त में
वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर आंवला मोड़ के सामने मंदिर के पास से सुबह करीब 8:45 बजे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक पुत्र राधेश्याम, सूरजपाल पुत्र राधेश्याम, वेदप्रकाश पुत्र राधेश्याम, सभी निवासी ग्राम जदौआ थाना भोजीपुरा, तथा कामता प्रसाद पुत्र मुन्नालाल निवासी ग्राम कमुआ मकरूका थाना भोजीपुरा के रूप में हुई है।
नशे की हालत में पुलिस से भिड़ने का आरोप
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 7 सितंबर की शाम गांव के बाहर सड़क पर मछली पकड़ने वाले मोहम्मद युनिश के साथ उनका विवाद हो रहा था। इसी दौरान पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोपियों ने पूछताछ में कथित तौर पर स्वीकार किया कि नशे की हालत में उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट की।पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी है
थाना भोजीपुरा में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना में शामिल चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।