bareillyमेयर को शिकायती पत्र सौंपतीं महिलाएं।

बरेली। बारिश के बाद स्टेडियम रोड स्थित रेजीडेंसी गार्डन कॉलोनी में बार-बार हो रहे जलभराव से परेशान महिलाओं का सब्र सोमवार को जवाब दे गया। कॉलोनी की महिलाएं नगर निगम पहुंचीं और मेयर डॉ. उमेश गौतम को शिकायती पत्र सौंपकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि बारिश होते ही कॉलोनी में पानी भरने का खतरा पैदा हो जाता है। मेयर ने समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

रिकॉर्ड बारिश में घरों तक पहुंच गया था पानी

रेजीडेंसी गार्डन शहर के स्टेडियम रोड क्षेत्र में स्थित आवासीय कॉलोनी है। सितंबर की शुरुआत में हुई भारी बारिश के बाद यहां हालात बेहद खराब हो गए थे। कई दिनों तक कॉलोनी से पानी पूरी तरह नहीं निकल सका था। नगर निगम को जलनिकासी के लिए कई पंपिंग मशीनें लगानी पड़ी थीं। डीएम और नगर आयुक्त ने भी ट्रैक्टर से कॉलोनी में पहुंचकर हालात का जायजा लिया था। जलभराव के दौरान कई हिस्सों में ढाई से तीन फीट तक पानी जमा होने की खबरें सामने आई थीं। घरों में पानी घुसने से फर्नीचर, घरेलू सामान और वाहन भी खराब हुए। कॉलोनी के लोगों को कुछ समय के लिए अपने घर छोड़कर होटल और रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ी थी।

फिर बारिश ने बढ़ाई कॉलोनीवासियों की चिंता

सितंबर के अंतिम सप्ताह में दोबारा हुई बारिश ने रेजीडेंसी गार्डन के लोगों की चिंता बढ़ा दी। शनिवार को मेयर डॉ. उमेश गौतम ने नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और नगर निगम की टीम के साथ रेजीडेंसी गार्डन समेत शहर के कई जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। इस दौरान अतिरिक्त मोटर पंप और सुपर शाकर लगाकर पानी निकालने के निर्देश दिए गए थे। महिलाओं का कहना है कि केवल बारिश के समय पंप लगाकर पानी निकालना पर्याप्त नहीं है। कॉलोनी में ऐसी स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की जरूरत है जिससे बार-बार जलभराव की नौबत न आए। उन्होंने मेयर से ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त कराने और बारिश का पानी तेजी से बाहर निकालने के लिए ठोस इंतजाम कराने की मांग की।

मेयर ने दिया समाधान का भरोसा

महिलाओं ने मेयर को कॉलोनी में जलभराव के कारण होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। मेयर ने उनकी शिकायत सुनने के बाद समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इससे पहले भी नगर निगम की ओर से यहां पंप लगाकर पानी निकालने के साथ जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए जा चुके हैं। शिकायती पत्र देने वालों में जसप्रीत कौर, डॉ. शालिनी गुप्ता, रोमी, प्रीति और मीनाक्षी समेत कॉलोनी की कई महिलाएं शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *