bareillyहंगामा करते आरोपी।

बरेली। डेलापीर रोड पर सिटी बस के आगे बीच सड़क बुलेट लगाकर तीन युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि बस रुकवाने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर से गाली-गलौज व मारपीट की गई। ड्राइवर किसी तरह बस लेकर वहां से निकला और सीधे इज्जतनगर थाने पहुंच गया। पीछे-पीछे तीनों युवक भी थाने जा पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। मामले में पुलिस ने धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।

बस रुकते ही गाली-गलौज, फिर हाथापाई

भोजीपुरा के पीपलसाना निवासी रंजीत सिंह सिटी बस के ड्राइवर हैं। वह कंडक्टर आशीष के साथ जंक्शन से बस लेकर मिनी बाईपास की ओर जा रहे थे। रंजीत के मुताबिक, डेलापीर चौराहे के पास बुलेट सवार सीबीगंज निवासी शिवम, अन्नू और उनके एक साथी ने बस के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि बस रुकते ही युवकों ने ड्राइवर और कंडक्टर से अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया और उनके साथ मारपीट की गई। बीच सड़क हुए हंगामे के कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

ड्राइवर ने थाने की ओर दौड़ाई बस, पीछे लग गए आरोपी

ड्राइवर रंजीत ने बताया कि वह किसी तरह युवकों से पीछा छुड़ाकर बस लेकर निकल गए। इसके बावजूद आरोपी पीछे नहीं हटे और बुलेट से बस का पीछा करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख रंजीत ने बस सीधे इज्जतनगर थाने की ओर मोड़ दी। युवक भी पीछा करते हुए थाने तक पहुंच गए। ड्राइवर ने इज्जतनगर थाने में पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिवम, अन्नू और उनके साथी को हिरासत में ले लिया। इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद गौतम ने बताया कि मामले में धारा 151 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *