बरेली। बाबा बनखंडी नाथ महादेव मंदिर में 108 शिवलिंगों से तांबे के चार नाग देवता चोरी करने की सनसनीखेज वारदात का बारादरी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना के सहारे पुलिस चोर तक पहुंच गई। आरोपी इसरार को जोगी नवादा में संजीव के खोखे के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए चारों तांबे के नाग देवता बरामद कर लिए गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए नाग देवताओं को चोरी कर बेचने की फिराक में था।
घटना शनिवार, 29 अगस्त की सुबह करीब 4:36 बजे की थी। बाबा बनखंडी नाथ महादेव मंदिर परिसर में उस समय सन्नाटा था। इसी दौरान एक युवक मंदिर में दाखिल हुआ और परिसर में स्थापित 108 शिवलिंगों के पास से तांबे के चार नाग देवता निकालकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई थी और आरोपी का चेहरा भी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दिया था। मंदिर के महंत केदार पुरी की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। धार्मिक स्थल में चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया।
CCTV ने दिखाई राह, मुखबिर ने बताया ठिकाना
पुलिस के मुताबिक CCTV फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान इसरार पुत्र मुख्तयार निवासी अल्वी मस्जिद के पास, थाना बारादरी के रूप में हुई। पुलिस टीम ने रविवार को उसे जोगी नवादा में संजीव के खोखे के पास से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए चारों तांबे के नाग देवता बरामद हो गए। बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
नशे के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए मंदिर में की चोरी
पुलिस पूछताछ में 24 वर्षीय इसरार ने बताया कि वह नशे का आदी है। नशा करने के लिए रुपये नहीं होने पर उसने मंदिर के 108 शिवलिंगों पर स्थापित तांबे के नाग देवताओं को निशाना बनाया। चार नाग देवता चोरी करने के बाद वह उन्हें बेचकर रुपये जुटाने की फिराक में था, लेकिन सौदा होने से पहले ही पुलिस उस तक पहुंच गई। पुलिस के अनुसार इसरार के खिलाफ पहले भी बारादरी थाने में आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं।
24 घंटे में चोरी का खुलासा, चारों नाग देवता सुरक्षित बरामद
बारादरी पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी के मामले में मु.अ.सं. 1106/26 के तहत बीएनएस की धारा 305(d)/317(2) में कार्रवाई की है। आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, जोगी नवादा चौकी प्रभारी कुशलपाल सिंह, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार और कांस्टेबल सागर खटाना शामिल रहे।